कंठाल-छत्रीचौक रोड राजसी सवारी के पहले होगा पूरा

चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य अंतिम चरण में, 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सा कर लिया पूरा
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 7 सितंबर को निकलने वाली राजसी सवारी से पहले कंठाल से छत्रीचौक मार्ग पूरा हो जाएगा। यहां चल रहा चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। निगम की दिन-रात की मेहनत और व्यापारियों के सहयोग से इस चुनौतीपूर्ण कार्य का 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सा पूरा कर लिया गया है।
शहर के सबसे व्यस्त और प्राचीन मार्गों में शामिल कंठाल चौराहा से छत्रीचौक तक के करीब 450 मीटर लंबे मार्ग को चौड़ा कर 15 मीटर का कर दिया गया है। नगर निगम टीम रात-दिन जुटी हुई है, ताकि सवारी से पहले सड़क निर्माण के साथ-साथ कंठाल चौराहा और सती गेट के सौंदर्यीकरण के बचे हुए काम भी मुकम्मल किए जा सकें।
नगर निगम ने यहां केवल सड़क चौड़ीकरण ही नहीं किया, बल्कि क्षेत्र की अन्य मूलभूत समस्याओं का भी स्थायी समाधान किया है। इस दौरान नई और बड़ी नालियों का निर्माण किया गया है ताकि बारिश में जलभराव न हो, पेयजल आपूर्ति के लिए नई पाइपलाइन डाली गई है जिससे भरपूर प्रेशर से जल सप्लाई होगा। विद्युत पोल शिफ्टिंग और अंडरग्राउंड केबलिंग का काम भी पूरा किया गया है। यह क्षेत्र उज्जैन का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, ऐसे में बिना व्यापारिक गतिविधियों को बाधित किए मार्ग चौड़ीकरण को अंजाम देना निगम के लिए एक बड़ी चुनौती थी। हालांकि, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पूरा सहयोग किया, जिसके चलते यह कार्य तय समयसीमा में आगे बढ़ सका। इस बदलाव से स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है।
कंठाल और सती गेट को मिल रहा खास लुक
कंठाल चौराहा- यहां सौंदर्यीकरण के तहत पेपर ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। शहर में पहली बार इस चौराहे पर अंडरग्राउंड लाइटिंग व्यवस्था की गई है, जिससे बिजली के तारों के जाल से मुक्ति मिलेगी और चौराहे का स्वरूप बेहद आकर्षक नजर आएगा।
सती गेट- इस ऐतिहासिक क्षेत्र को उसकी पुरानी विरासत के अनुरूप रूप दिया जा रहा है। यहाँ 50 मीटर के दायरे में कोबल स्टोन लगाए जा रहे हैं। साथ ही, पुराने पेंट को हटाकर ऐतिहासिक पत्थरों (एरण पत्थरों) को उनके मूल स्वरूप में लाने के लिए ट्रांसपेरेंट वाटर रिपेलेंट कोटिंग की जा रही है।
क्षेत्रवासियों के सहयोग से सतीगेट से कंठाल तक का रोड नए स्वरूप में सामने आ रहा है। राजसी सवारी के पहले हर हाल में मार्ग पूरा हो जाएगा। इस मार्ग के चौड़ा होने से न केवल बाबा महाकाल के भक्तों और शहरवासियों को आवागमन में भारी सुविधा मिलेगी, बल्कि भविष्य में व्यापारिक गतिविधियों को भी नया विस्तार और गति मिलेगी।
– अभिलाष मिश्र, आयुक्त नगर निगम









