सबसे महंगा जिम, तीन महीने से फिटनेस ट्रेनर नहीं

राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर जिम का मामला, सफाई की भी समस्या
उज्जैन। शहर की खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात राजमाता विजयराजे सिंधिया खेल परिसर नानाखेड़ा स्टेडियम में स्थित जिम में पिछले तीन महीने से फिटनेस ट्रेनर ही नहीं है। जबकि यह शहर का सबसे महंगा जिम है।
खेल परिसर में स्थित जिम में कोच को आर्थिक अनियमितता के कारण हटाया था। रिशेप्सनिस्ट की मदद से पुराना जिम तीन महीने की फीस लेकर एक महीने की रसीद दे रहा था। खिलाडिय़ों ने शिकायत की तो जांच के बाद दोनों को हटा दिया गया। उसके बाद दूसरा कोच रखा, उसने भी इसी तरह आर्थिक अनियमितता की तो उसके भी हटा दिया गया। उसके बाद से जिम में कोच नहीं है। दूसरे कोच को हटाए हुए तीन महीने से अधिक का समय हो गया है। यहां रेगुलर जाने वाले खिलाडिय़ों का कहना है कि जिम की सफाई व्यवस्था भी चरमराई हुई है। मशीनें, जिम का फर्श गंदा रहता है। बाथरूम की हालत तो बहुत खराब है। जबकि जिम में सफाई व्यवस्था बेहतर रहना बहुत जरूरी है क्योंकि हाइजीन माहौल के बिना जिम का महत्व ही नहीं है।
म्यूजिक सिस्टम कबाड़ मेें रखा- जिम करीब डेढ़ साल पहले मार्च २०२५ में शुरू हुई थी। इसे सर्वसुविधा युक्त बनाया गया था। एसी हाल, म्युजिक सिस्टम सबकुछ यहां लगा था। लेकिन रिशेस्पनिस्ट ने यहां का म्यूजिक सिस्टम इसलिए निकलवा दिया क्योंकि उससे वे डिस्टर्ब होती थीं। तभी से म्यूजिक सिस्टम कबाड़ में रखा है। खिलाडिय़ों का कहना है कि यहां आने वाले साल की १३ हजार २०० रुपए (११ रुपए मासिक) फीस चुकाते हैं। जोकि पूरे शहर में सर्वाधिक है। इसके बाद भी सुविधाओं के प्रति ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जबकि शहर में सर्वसुविधायुक्त निजी जिम अधिकतम ८ से १० हजार रुपए सालाना फीस पर उपलब्ध हैं।
जल्दी निराकरण
जिम में कोच सितंबर महीने में आ जाएंगे, इसकी तैयारी चल रही है। सफाई की अव्यवस्था की भी उन्हें जानकारी मिली है। उसे भी दुरुस्त करा रहें हैं। जल्दी ही यहां की अन्य समस्याओं का भी निराकरण करेंगे।
विजयेंद्र देवड़ा, जिला खेल अधिकारी









