घर-घर पहुंचे अधिकारी मौके पर सुनीं समस्याएं

6 वार्डों में अफसरों ने किया फील्ड निरीक्षण
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को नगर निगम के जोन 4 के वार्डों में अफसर घर-घर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के साथ ही पेयजल, स्वच्छता, बिजली, सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए।
फील्ड भ्रमण के बाद दशहरा मैदान में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में समीक्षा बैठक हुई। जिसमें समस्याओं और शिकायतों के निराकरण की प्लानिंग हुई। निगम अध्यक्ष कलावती यादव, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट सहित जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
किस वार्ड में क्या समस्या सामने आई
वार्ड 37 : प्रकाश नगर और सिंधी कॉलोनी क्षेत्र में सड़क के असंतुलित होने से पानी भरने की शिकायत सामने आई। आंगनवाड़ी केंद्र के लिए शासकीय भूमि, मजदूर कार्ड बनवाने और सामुदायिक भवन की मरम्मत के निर्देश दिए गए।
वार्ड 42 : सेठी नगर-अल्कापुरी क्षेत्र में नाले का काम रुकने और सीमित पेयजल आपूर्ति की शिकायत मिली। अधिकारियों को नल आपूर्ति का समय और पानी का दबाव बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उद्यानों के रखरखाव नहीं होने पर दारोगा को नोटिस जारी।
वार्ड 44: श्रम बाजार में श्रमिकों के लिए दर निर्धारित नहीं होने और असामाजिक तत्वों के दखल की शिकायत सामने आई। श्रम अधिकारी को नियमानुसार दर निर्धारित करने और श्रमिकों का पंजीयन रजिस्टर व्यवस्थित रूप से मैंटेन करने के निर्देश दिए गए।
वार्ड 45: हाथीपुरा, बागपुरा और नारायणपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश दिए। जेके अस्पताल परिसर की सफाई, टूटी पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत और कचरा वाहन के लिए निर्धारित समय तय करने को कहा गया। बागपुरा में बिजली के पोल से करंट लीक होने की शिकायत मिली।
वार्ड 46 : शास्त्री नगर में झुके हुए विद्युत पोल को बदलने और नालियों की सफाई के निर्देश दिए। राशन दुकान में अनियमितता की शिकायत पर विक्रेता को नोटिस देने तथा तीन फेज विद्युत लाइन का कनेक्शन उपलब्ध कराने को कहा गया।
वार्ड 50 : ऋषि नगर और श्री विशाला क्षेत्र में उद्यानों के समुचित रखरखाव तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वार्ड 52: वार्ड 52 में नवीन आंगनवाड़ी केंद्र के लिए भूमि चयन करने के निर्देश दिए गए। दमदमा की राशन दुकान पर चावल उपलब्ध कराने और चोक नालियों को तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया।









