84 महादेव की झांकी के साथ कल निकलेंगे महाकाल

सवारी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। राजाधिराज श्री महाकालेश्वर भगवान की कल सोमवार को सवारी निकलेगी। यह भादौ माह की पहली और क्रम की पांचवी सवारी है। इस बार सवारी में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।
इस सवारी की थीम 84 महादेव है। सवारी में भगवान महाकाल की पालकी के साथ भगवान 84 महादेव की झांकियां भी शामिल होंगी। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री डॉ. यादव सवारी में शामिल होंगे और संभावना है कि वे शिप्रा तट तक सवारी में मौजूद रहेंगे। बाबा की पालकी सभा मंडप में पूजन के बाद शाम ४ बजे मंदिर से बाहर निकलेगी और अपने निर्धारित मार्गों पर भ्रमण कर रात 8 बजे पुन: मंदिर लौटेगी।
होल्कर स्टेट का मुखौटा निकलेगा डोल रथ पर
पं. महेश पुजारी के मुताबिक पांचवी सवारी मेें भगवान श्री महाकाल का होलकर स्टेट के नए रूप में डोल रथ पर सवार होकर निकलेंगे। इस तरह सवारी मेें चांदी की पालकी मेें भगवान श्री चंद्रमोलेश्वर, हाथी पर श्री मनमहेश, गरुड़ रथ पर श्री शिव तांडव स्वरूप, नंदी रथ पर श्री उमा-महेश और डोल रथ पर होलकर स्टेट के पारंपरिक स्वरूप में शामिल होंगे। अगली राजसी सवारी में सप्तधातु मुखौटा सवारी में शामिल होगा।
टै्रफिक प्लान: सवारी के दौरान नो-एंट्री, डायवर्जन
नो-एंट्री क्षेत्र: सवारी के दौरान कोट मोहल्ला, गुदरी, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, हरसिद्धि, रामघाट, कार्तिक चौक, ढाबा रोड, टंकी चौक, छत्री चौक, गोपाल मंदिर और पटनी बाजार में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
इन मार्गों पर जाने से बचें देवासगेट, इंदौरगेट, दौलतगंज, बेगमबाग, महाकाल घाटी, हरसिद्धि, गुदरी, दानीगेट, ढाबा रोड, जूना सोमवारिया और केडी गेट।
भारी वाहनों का डायवर्जन रतलाम, नागदा, मंदसौर और नीमच की ओर जाने वाले भारी वाहनों को तपोभूमि चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा देवासगेट बस स्टैंड से हरिफाटक की ओर बसों की एंट्री नहीं होगी।









