हूटर लगी कार से कर रहे थे शराब तस्करी, सात पकड़ाए

25 लाख रुपए की केबल चोरी भी कबूली
उज्जैन। हूटर लगी कार से अवैध शराब की तस्करी कर रहे बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा और पूछताछ की तो उनसे पवन चक्कियों से चोरी गए केबल चोरी के मामले का भी सुराग मिल गया। भाटपचलाना पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही से करीब 25 लाख रुपए कीमत की 1,254 मीटर तांबे की केबल, ग्राइंडर कटर और अन्य औजार बरामद किए हैं।
भाटपचलाना पुलिस के मुताबिक 26 अगस्त की रात हूटर लगी हुंडई कार (एमपी-13-जेपी-2693) को शराब परिवहन में खाचरौद-भाटपचलाना रोड से नाकाबंदी कर पकड़ा था। कार में वीरेंद्र पिता धारासिंह डाबी, मंगल पिता भोमसिंह डाबी, कन्हैयालाल पिता लालसिंह सोलंकी, विजय पिता सावंतसिंह राजपूत, महेश पिता रामकिशन निवासी ग्राम लिम्बास और भोला उर्फ भोलाराम पिता महेंद्रसिंह सिसौदिया निवासी रूद्रखेड़ा बैठै थे। तलाशी के दौरान कार से 70 लीटर जहरीली शराब बरामद हुई।
कुछ दिन पहले लिम्बास गांव के पहाड़ी क्षेत्र में लगी पवन चक्कियों के जनरेटर से ऊर्जा पैनल तक बिछी केबल चोरी हुई थी। इस वारदात के दौरान भी हूटर लगी संदिग्ध कार देखे जाने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस ने बदमाश्पाों से सख्ती से पूछताछ की तो केबल चोरी की वारदा भी इन्होंने कबूली। पूछताछ में उन्होंने अपने साथी लोकेंद्र पिता भीमसिंह निवासी ग्राम लिम्बास के साथ मिलकर केबल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने लोकेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया। चोरी का माल व औजार भी जब्त किए गए हैं।









