जहां की थी श्रद्धालु से अभद्रता, वहीं निकाला जुलूस, नाबालिग भी पकड़ाया

उज्जैन। दिल्ली के एक श्रद्धालु पर महंगा प्रसाद खरीदने का दबाव बनाना श्री महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र में फूल-प्रसादी की दुकान संचालित करने वाले युवक को भारी पड़ गया। श्रद्धालु से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसका जुलूस भी निकाला गया।
मूलत: ग्वालियर के रहने वाले और दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्रालय में पदस्थ योगश साहू परिवार के साथ दर्शन करने उज्जैन आए थे। उनके साथ सामान भी था। उन्होंने संजू बंजारा की दुकान से फूल-प्रसादी खरीदी थी। यहां अपना सामान रखा था। उनके द्वारा खरीदी गई फूल प्रसादी की राशि कम थी। बंजारा 350 रुपए की प्रसादी खरीदी करने का दबाव बना रहा था।
जब साहू ने यह खरीदी करने से मना किया तो उसने साहू और उनके परिवार के साथ मारपीट की। पुलिस ने छोटी मायापुरी के निवासी 22 साल के संजू बंजारा को हिरासत में लिया और उसका उसी जगह ले जाकर जुलूस निकाला, जहां उसने मारपीट की थी।
आरोपी को एसडीएम उज्जैन के समक्ष पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी का दूसरा नाबालिग साथी भी गिरफ्तार हो गया है।









