राजसी सवारी: दुल्हन सा सजा शहर, हर किसी को बाबा का इंतजार

सिंहस्थ की झलक दिखेगी सवारी में, 70 से ज्यादा भजन मंडलियां बिखरेंगी तराने
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। साल में एक बार निकलने वाली राजसी सवारी के लिए शहर दुल्हन की तरह सजकर तैयार हो गया है। 7 किलोमीटर लंबे मार्ग से गुजरने वाली सवारी में हर किसी को बाबा महाकाल की छवि के दिखने का इंतजार है। राजसी सवारी में सिंहस्थ की झलक दिखाई देगी। 70 से ज्यादा भजन मंडलियां अपने तरानों से माहौल शिवमय करेंगी। सवारी के लिए लोगों के शहर पहुंचने का क्रम रविवार रात से ही शुरू हो गया है। शहर आने वाले रास्तों पर भीड़ है। बस-ट्रेन में भी भीड़ दिख रही है।
राजसी सवारी की व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए कलेक्टर रौशनकुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने रविवार रात सवारी मार्ग का मुआयना किया। उनके साथ मंदिर प्रबंध समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक और निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा भी थे।
सवारी में यह खास
चंद्रमौलेश्वर पालकी में
मनमहेश गजराज सुमा पर
उमा महेश नंदी रथ पर
शिवतांडव गरुड़ रथ पर
होल्कर मुखारविंद डोल रथ
सप्तधान्य रथ पर
रामघाट पर पालकी पूजन
सवारी शाम ६ बजे रामघाट पहुंचेगी। यहां मां शिप्रा के जल से पालकी पूजन किया जाएगा। यहां से शाम करीब ६.15 बजे पालकी मंदिर की तरफ रवाना होगी।
यह रहेगा रूट
महाकाल चौराहा, गुदरी चौराहा, कहार वाड़ी, हरसिद्धि पाल, रामघाट, रामानुजकोट, कार्तिक चौक, दानीगेट, ढाबा रोड, कमरी मार्ग, टंकी चौराहा, मिर्जा नईम बेग मार्ग, तेलीवाड़ा, कंठाल चौराहा, सतीगेट, बड़ा सराफा, छत्रीचौक, गोपाल मंदिर, पटनीबाजार होते हुए वापसी।
गणेश बैंड के 101 कलाकार देंगे प्रस्तुति
राजसी सवारी की तैयारी उज्जैन के बैंड़ों ने भी की है। गणेश बैंड की तीसरी पीढ़ी स्वर लहरी बिखेरेगी। बैंड के 101 कलाकार तीन महीने से सवारी के लिए मेहनत कर रहे हैं। बैंड मास्टर विजय सिंह सरगरा ने बताया कि चार नई गाडिय़ां और 101 कलाकार नई ड्रेस और सेटअप में प्रस्तुति देंगे।
पांच घंटे की सजावट के बाद सुमा तैयार
सवारी में मनमहेश गजराज सुमा पर रहेंगे। अंकपात मार्ग स्थित वैष्णव अखाड़े में पेंटर मुकेश शर्मा ने सुमा को फ्लोरेंस पेंट से तैयार किया। सुमा के शरीर पर फूल और बेल-बूटे बनाए गए हैं। महंत बबलू महाराज ने बताया कि अखाड़े की छह लोगों की टीम सुमा के साथ राजसी सवारी में शामिल होगी।
राजसी सवारी धूमधाम से निकलेगी, हमारी तैयारी पूरी
राजसी सवारी को लेकर हमारी तैयारी पूरी हो गई है। सारी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी गई है। यह सिंहस्थ की विशेष थीम पर केंद्रित रहेगी। इसमें बड़ी संख्या में कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। हमारी तैयारी पूरी है।
रौशनकुमार सिंह, कलेक्टर
8 ड्रोन से रखेंगे नजर 2200 जवान तैनात
2200 जवानों का बल तैनात किया गया है। ८ ड्रोन से सवारी की निगरानी की जाएगी। १५० महिला पुलिसकर्मी रहेगी। ३५० ट्रैफिक कर्मी यातायात व्यवस्था को संभालेंगे।-प्रदीप शर्मा, एसपी
39वें साल भी नंगे पैर शामिल होंगे पन्हालकर
सवारी में 1987 से सेवा दे रहे मिलिंद पन्हालकर नंगे पैर सवारी में शामिल होंगे।
8 मोटरबोट से रहेगी निगरानी
रामघाट पर एसडीआरईएफ की टीम 8 मोटरबोट से निगाह रखेगी। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट संतोष कुमार जाट ने बताया कि गोताखोर, तैराक, नाविक और रिस्पांस टीम मौजूद रहेगी। नदी के सभी घाटों पर 150 होमगार्ड तैनात किए गए हैं।
2200 जवान दोपहर 11 बजे से होंगे तैनात
राजसी सवारी की व्यवस्था में 2200 जवान तैनात होंगे। इसके लिए बल रविवार रात से ही उज्जैन पहुंच गया था। सुबह 9.30 बजे ब्रीफिंग के बाद इन्हें अपने पाइंट पर भेजा गया। सभी को श्रद्धालुओं से शालीनता से पेश आने की समझाइश दी गई है।
अक्षरविश्व लाइव: राजसी सवारी मार्ग की 6 जगह से 6 रिपोर्ट
महाकाल चौराहा-रामघाट मार्ग
आंकाक्षा पीवाल|उज्जैन- बाबा महाकाल की सवारी के लिए पूरा मार्ग सज गया है। करीब 1 किलोमीटर लंबे इस मार्ग से बाबा की पालकी शाम 4 से ५.45 के बीच गुजरेगी। सबसे ज्यादा भीड़ हरसिद्धि पाल पर होने की संभावना है। ऐसे में यहां त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग की गई है। पालकी रामघाट पर शाम ६ बजे तक पहुंच सकती है। राणोजी छत्री के सामने पालकी पूजन की व्यवस्था की गई है। यही भगवान चंद्रमौलेश्वर का शिप्रा जल से अभिषेक किया जाएगा।
रामानुजकोट- ढाबा रोड मार्ग
कमलेश पांडे|उज्जैन। बाबा महाकाल की सवारी के लिए यह मार्ग पूरी तरह तैयार है। मार्ग के दोनों तरफ बैरिकेडिंग की गई है। यह मार्ग पहली सवारी के पहले ही तैयार हो गया था। मार्ग अब खुला-खुला नजर आता है। हालांकि सवारी के दौरान इसके भी पूरी तरह भर जाने की संभावना रहेगी। पालकी यहां से शाम ६.30 बजे के आसपास गुजरेगी। लोग सवारी को लेकर उत्साहित हैं और वे बाबा की झलक पाने का इंतजार कर रहे हैं।
3 .ढाबारोड- तेलीवाड़ा मार्ग
खुशबू छांजेड़|उज्जैन। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस मार्ग का एक हिस्सा पहली सवारी के पहले ही तैयार हो चुका था। मार्ग पहले की तुलना में चौड़ा है और कमरी मार्ग तक यह नया बन चुका है। फिलहाल टंकी चौराहा से तेलीवाड़ा तक मार्ग का चौड़ीकरण नहीं हुआ है। हालांकि इस मार्ग पर सवारी के दौरान रश ज्यादा नहीं रहता। पालकी यहां ७.१५ बजे तक पहुंच सकती है।
4.कंठाल चौराहा-छत्रीचौक
राहुल यादव|उज्जैन। राजसी सवारी के लिए कंठालचौराहा-छत्रीचौक मार्ग रविवार रात दूधिया रोशनी से जगमगा उठा। कंठाल चौराहो को पेवर ब्लॉक से सजाया गया है। जबकि सतीगेट पर कोबल स्टोन लगाए गए हैं। यहां सडक़ 15 मीटर चौड़ी होने के बाद खुली-खुली नजर आ रही है। हालांकि कोबल स्टोन अभी पूरी तरह सेट नहीं हो पाए हैं। नगर निगम की टीम यहां सुबह से सक्रिय दिखाई दी। वह उन मकानों को ठीक करवा रही है, जहां सरिए आदि निकले हुए हैं।
5 छत्रीचौक- पटनी बाजार मार्ग
कैलाश शर्मा|उज्जैन। करीब 700 मीटर लंबे इस मार्ग पर रीगल टॉकिज तरफ कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण चल रहा है। शहर के इस प्रमुख बाजार में बाबा के स्वागत का व्यापारी वर्ग बेसब्री से इंतजार कर रहा है। पालकी यहां रात करीब 8.30 बजे के आसपास आ सकती है। फिलहाल सडक़ के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी गई है। वाहनों की आवाजाही सुबह 11 बजे तक चालू थी। संभवत: 2 बजे बाद वाहनों को पूरी तरह रोका जाएगा।
रेलवे स्टेशन-बस स्टैंड पर भीड़ सामान्य
सुमित सोलंकी|उज्जैन। राजसी सवारी की ज्यादा हलचल रेलवे स्टेशन पर नजर नहीं आई। सोमवार की सुबह रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य थी। भीड़ भी ज्यादा नहीं थी। हालांकि ग्रामीण क्षेत्र से लोगों का आना जारी था। कुछ ऐसी ही स्थिति देवासगेट बस स्टैंड की भी है। यहां भी भीड़ सामान्य ही है। माना जा रहा है कि दोपहर बाद आने वाली ट्रेन और बसों से लोग राजसी सवारी के लिए आ सकते हैं।
चैतन्य भैरव मंडल ने बनाई आकर्षक झांकी
चैतन्य भैरव मंडल ने राजसी सवारी के लिए आकर्षक झांकी बनाई है। इसमें बाबा महाकाल के पांच स्वरूपों को सुंदर सजाया गया। ट्रॉली पर विराजित यह झांकी अद्भुत लग रही है।
आकाशवाणी पर प्रसारण
सवारी का आंखों देखा हाल आकाशवाणी के उज्जैन केंद्र पर किया जाएगा। सोमवार दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक यह प्रसारण मध्यप्रदेश के सभी आकाशवाणी केंद्रों से एक
साथ होगा।
आज इन सडक़ों पर जाने से बचें
हरिफाटक टी से रामानुजकोट।
दानीगेट से रामानुजकोट।
गुदरी चौराहा से कहारवाड़ी रामघाट मार्ग।
तेलीवाड़ा-कमरी मार्ग।
निकासचौराहा-तेलीवाड़ा मार्ग।
क्षीरसागर-कंठाल चौराहा रोड।
बियावनी-तेलीवाड़ा सडक़।
नरेंद्र टॉकिज- कंठाल चौराहा।
नृसिंहघाट टर्निंग से जयसिंहपुरा चौराहा इंटरप्रिटिशन सेंटर।
भार्गव तिराहे से टंकी चौराहा।
केडी गेट से कमरी मार्ग।
चक्रतीर्थ टर्निंग से दानीगेट मार्ग।
तोपखाने से लोहे का पुल।
नलियाबाखल से बेगमबाग चौराहा
बारहखोली से बेगमबाग चौराहा।
बोसफोड़ गली से गुदरी चौराहा।
यह रहेगी पार्किंग
भोपाल, इंदौर और देवास से आने वाले वाहनों की पार्किंग वाकणकर ब्रिज के पास, मन्नत गार्डन और कर्कराज पार्किंग में रहेगी।
बडऩगर, नागदा और उन्हेल से आने वाले वाहन कार्तिक मेला मैदान में पार्क होंगे।
मक्सी, आगर से आने वाले वाहन क्षीरसागर स्टेडियम और सामाजिक न्याय परिसर में पार्क होंगे।
कब कहां संभावित सवारी
महाकाल मंदिर- शाम ४ बजे
महाकाल चौराहा- ४.१५-४.३०
गुदरी चौराहा- ४.३० -५.००
बक्षी बाजार-५.००
कहारवाड़ी- ५.१५- ५.४५
रामघाट- ५.३०- ६.१५
रामानुजकोट- मोढ़ की धर्मशाला- ६.१५-६.४५
कार्तिक चौक-खाती मंदिर- ६.४५-७.१५
ढाबारोड-तेलीवाड़ा चौराहा-७.१५-७.४५
कंठाल चौराहा-छत्री चौक- ७.४५ -८.१५
गोपाल मंदिर- ८.१५ से ८.४५
पटनीबाजार- ८.४५-९.१५
गुदरी बाजार- महाकाल चौराहा ९.१५ से १०.००
नोट- यह समय संभावित है। पालकी की गति कम-ज्यादा होने पर समय में बदलाव संभव है।









