सिस्टम की गंदगी खत्म करना जरूरी, कॉकरोच अपने आप खत्म हो जाएंगे- उमाश्री

पूर्व मुख्यमंत्री ने किए बाबा महाकाल के दर्शन
उज्जैन। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा कि अगर सिस्टम की गंदगी खत्म हो जाए तो कॉकरोच अपने आप खत्म हो जाएंगे। वे सोमवार को राजसी सवारी में बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने उज्जैन आई थीं।इसी बीच उन्होंने मीडिया से बात की। भारती ने कहा कि जेन-जी नौजवानों का उफान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद का अपमान झेलकर उनकी भावना का सम्मान किया है।
शराब सामाजिक बुराई इसे रोकना जरूरी
उमा जी सागर की जहरीली शराब कांड पर भी बोलीं। उन्होंने कहा कि यह सामाजिक बुराई है और बगैर जनसहयोग के यह खत्म नहीं हो सकती। अवैध शराब की बिक्री होती है तो समाज को यह देखना चाहिए। हर जनप्रतिनिधि को यह देखना चाहिए कि आखिर क्यों जहरीली शराब बिक रही है? मोहन सरकार सख्ती बरतेगी। मोहन को शराब से नफरत है। उसका बस चले तो वह पूरे देश में शराबबंदी कर दे।
महाकाल में बेहतर व्यवस्था
उमा जी ने कहा किश्री महाकालेश्वर मंदिर की व्यवस्था हर दिन अच्छी हो रही है। मैं पिछली बार शिवरात्रि पर आई थीं। अब आई हूं तो व्यवस्था और बेहतर है। नागचंद्रेश्वर की घटना पर उमाश्री ने कहा कि वह दुर्घटना गलत थी। पर आमआदमी को इस बारे में सोचना चाहिए। अनुमान कीजिए कि कितने लोग मंदिर में आ सकते हैं।
सिंहस्थ की तैयारी अब तक ठीक नहीं
सिंहस्थ की तैयारी अब तक ठीक नहीं है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने लैंड पूलिंग को निरस्त कर ठीक किया। लैंडपूलिंग वाले किसानों को बड़ा मुआवजा देना चाहिए। हरिद्वार में कभी भी पक्का निर्माण नहीं होता। किसानों के साथ बात करनी चाहिए। बाबा महाकाल का आशीर्वाद मोहन जी पर बना रहें।
कॉकरोच नहीं मरते सिस्टम की गंदगी दूर करें
उमाश्री ने कहा कि मैं उस मूर्ख, अज्ञानी को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करती हूं, जिसने कहा था कि कॉकरोच हिंट से मर जाएंगे। अरे कॉकरोच गंदगी से पैदा होते हैं। सिस्टम की गंदगी दूर होगी तो कॉकरोच पैदा ही नहीं होंगे। कॉकरोच का अपना अस्तित्व बुरा नहीं है। अगर सिस्टम ठीक नहीं होगा तो चप्पल और हिंट से कॉकरोच नहीं मरेंगे। मुझे बहुत बुरा लगा। मैं उस कवि को कहूंगी कि आगे से सावधानी से बोले।









