तैयारी : प्राधिकरण बनाएगा सिंहस्थ क्षेत्र में 50 किमी सड़क

30 किसानों को 9 करोड़ रुपए मुआवजा बांटा
उज्जैन। सिंहस्थ क्षेत्र में प्राधिकरण 50 किलोमीटर की नई सड़क बनाएगा। यह सड़कें सिंहस्थ के दौरान आवागमन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। पहले दौर में 30 किसानों की जमीन सड़क निर्माण में आ रही है। यूडीए ने इन किसानों को 9.02 करोड़ रुपए का मुआवजा बांटा है।
दरअसल, सिंहस्थ क्षेत्र में इस बार स्थायी प्रकृति के ढेरों काम होने हैं। इसके तहत पूरे क्षेत्र में 60 से लगाकर 150 फीट चौड़ी सड़कें बनाई जाएंगी। यह सड़कें सिंहस्थ के दौरान ट्रैफिक को व्यवस्थित करने में कारगर रहेंगी। पहले लैंडपूलिंग योजना के तहत इन सड़कों का निर्माण होना था लेकिन यह योजना निरस्त होने के बाद अब प्राधिकरण अपने स्तर पर यह सड़क बनाने जा रहा है। मंगलवार को पात्र किसानों को मुआवजा राशि बांटी गई। इनमें माना जी आंग्रे, अवंतिका घाटगे, धर्मेंद्र जाट, अशोक गेहलोत, महेश आंजना प्रमुख हैं। यूडीए की वित्त अधिकारी गर्विता भिड़े और संपदा अधिकारी जीवनलाल मोघी ने राशि के चेक किसानों को दिए। इस मौके पर यूडीए अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी भी उपस्थित थे।
गुदरी चौराहा : हरसिद्धि पाल मार्ग पर लगे निशान, 15 मीटर चौड़ा होगा
सावन-भादौ की सवारी निकल जाने के बाद अब प्रशासन उन रोडों का चौड़ीकरण शुरू करने जा रहा है, जो सिंहस्थ की दृष्टि से उपयोगी है। इसी कड़ी में सवारी मार्ग के दायरे में आने वाले गुदरी चौराहा- हरसिद्धि पाल मार्ग की मंगलवार को नगरनिगम की टीम ने नपती की। यह मार्ग 15 मीटर चौड़ा बनाया जाएगा। 136 मकान चौड़ीकरण के दायरे में आएंगे।
दरअसल, गुदरी चौराहा, पानदरीबा और कहारवाड़ी मार्ग से हर साल बाबा महाकाल की सवारी निकलती है। यह सड़क अभी करीब 30 फीट चौड़ी है। 570 मीटर लंबी सड़क पर अतिक्रमण है और इसके चलते यह दिन में 2० फीट की भी नहीं रहती। ऐसे में इस मार्ग से गुजरना चुनौती भरा रहता है। सिंहस्थ के समय इस सड़क पर सबसे ज्यादा दबाव रहेगा, क्योंकि यह रामघाट की तरफ जाने वाला मुख्य रास्ता रहेगा। ऐसे में इस मार्ग के चौड़ीकरण की योजना अब जमीन पर उतर आई है। 14 करोड़ रुपए की राशि से यह सड़क चौड़ी होगी। मंगलवार को निगम की टीम क्षेत्र में पहुंची और सड़क के बीच से मकान के दोनों तरफ नपती की। बिल्डिंग ऑफिसर सौम्या चतुर्वेदी ने मकानों पर निशान लगवाए।
सड़क एक नजर में
लंबाई- 570 मीटर
चौड़ाई- 15 मीटर
लागत-14 करोड़
अभी चौड़ाई- 30 फीट
क्यों जरूरी- रामघाट जाने वाला प्रमुख मार्ग









