देशभर के शीर्ष संत 19 सितंबर को जुटेंगे

उज्जैन में मनेगा स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि का 94वां प्राकट्य दिवस
जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि सहित राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि करेंगे मार्गदर्शन
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भारत माता मंदिर हरिद्वार के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि का 94वां प्राकट्य दिवस महोत्सव 19 सितंबर को उज्जैन में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह इंदौर रोड स्थित होटल अंजुश्री में जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज के सान्निध्य में होगा। इस दौरान प्रमुख संतों के प्रवचन और पादुका पूजन के कार्यक्रम होंगे।
समारोह में देशभर के कई विशिष्ट संत और विद्वान शामिल होंगे। इनमें श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि, महामंडलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद गिरि, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, साध्वी पंछी देवी प्रज्ञा भारती और समन्वय सेवा ट्रस्ट हरिद्वार के महासचिव आई.डी. शास्त्री प्रमुख हैं।
स्वस्तिवाचन से शुरू, सहभोज से समापन
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10.30 बजे दीप प्रज्जवलन और स्वस्तिवाचन से होगी। 10.40 बजे संतों व अतिथियों का सम्मान तथा 11 बजे स्वागत उद्बोधन होगा। सुबह 11.15 बजे से अतिथि उद्बोधन एवं संतों के आशीर्वचन का क्रम शुरू होगा। दोपहर 12.15 बजे मुख्य वक्ता के रूप में स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे। दोपहर 1 बजे ब्रह्मलीन गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि की पादुका का पूजन किया जाएगा। अंत में दोपहर 1.30 बजे आभार प्रदर्शन और प्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन समिति ने की धर्मलाभ लेने की अपील
आयोजन समिति के कीर्ति-सुरेश मोढ, शुभम मोढ, इंदिरा-सुरेश विजयवर्गीय और सरला सुराणा, समन्वय परिवार उज्जैन के अध्यक्ष तुलसीराम थापक और प्रभु प्रेमी संघ उज्जैन के अध्यक्ष अजय पांडे ने शहर के सभी धर्मप्रेमियों से इस पावन अवसर पर सपरिवार उपस्थित होकर संतों के प्रवचनों व पादुका पूजन का लाभ लेने का आग्रह किया है।









