इंडोनेशिया में 243 यात्रियों से भरा जहाज लापता

140 लोगों की तलाश जारी; 103 को बचाया, एक की मौत
इंडोनेशिया। इंडोनेशिया में 243 लोगों को लेकर जा रहा यात्री जहाज रविवार को जावा सागर में लापता हो गया। सुराबाया से बंजारमासिन जा रहे ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ नामक जहाज का संपर्क टूटने के बाद अधिकारियों ने बड़े स्तर पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया है।
जानकारी के अनुसार, जहाज पूर्वी जावा के सुराबाया से बोर्नियो द्वीप के बंजारमासिन के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान जहाज में संचार संबंधी खराबी आ गई। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका।
रेस्क्यू एजेंसी के मुताबिक, अलग-अलग जहाजों की मदद से अब तक 103 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, 140 लोगों की तलाश अभी जारी है।
रेस्क्यू टीम ने जहाज की आखिरी लोकेशन की दिशा में कई जहाज और एक हेलिकॉप्टर भेजा है। खराब मौसम और समुद्र की परिस्थितियों के बीच बचाव अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों की प्राथमिकता लापता यात्रियों का जल्द पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है।









