केदारनाथ रूट पर बारिश-लैंडस्लाइड

एक की मौत, यात्रा रुकी, बिहार के 14 जिलों में बाढ़
नई दिल्ली, एजेंसी। देश के कई राज्यों में बारिश अब आफत बनती जा रही है। उत्तराखंड में जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रही है। केदारनाथ के चीरबासा हेलिपैड के पास रविवार को पहाड़ से चट्टाने गिरने से 65 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी लैंडस्लाइड हुई, जिसके बाद यात्रा रोक दी गई है। भीमबली से केदारनाथ के बीच करीब 1,000 यात्री फंसे हैं। इनमें कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई है। बिहार में 14 जिलों के 2,360 गांव बाढ़ की चपेट में हैं और 48 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। राज्य की 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
मुरैना: चंबल में डूबने से पिता-पुत्र की मौत
मप्र के भोपाल समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। बड़वानी में नदी-नाले उफान पर हैं। मुरैना में चंबल नदी में नहाते समय पिता-पुत्र की डूबने से मौत हो गई। वहीं टीकमगढ़ में भारी बारिश के बाद बान सुजारा बांध के चार गेट खोल दिए गए हैं।









