भाजपा शासित सभी राज्यों में यूसीसी लागू होगा

उत्तराखंड : समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री बोले- कोई देश की सीमाओं को छू नहीं सकता
देहरादून, एजेंसी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा शासित सभी राज्यों में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लागू किया जाएगा। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के समारेाह के तहत परेड मैदान में आयोजित राज्य उत्सव में शाह ने कहा कि देश की सीमाओं को कोई छू तक नहीं सकता। जिसने ऐसी हिमाकत की, ऑपरेशन सिंदूर से उसका सफाया कर दिया।
राज्य उत्सव में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने सबसे पहले यूसीसी लागू किया। यहां कोई तीन तलाक की बात नहीं सोच सकता। चार शादियां नहीं कर सकते। सभी पर समान कानून लागू है। देश के 15 और राज्य यूसीसी लागू करने की राह पर हैं। देश के सभी भाजपा शासित राज्यों में यूसीसी को लागू किया जाएगा। सीमाओं की सुरक्षा तंत्र की मजबूती का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सीमा को छूने की कोई हिम्मत नहीं कर सकता। ऐसा करने की सोचने वालों को भी आज का भारत उनके घर के भीतर घुस कर मारता है। जिसने भी ऐसी हिम्मत की, ऑपरेशन सिंदूर से उनका सफाया कर दिया।
उत्तराखंड में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार
शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश, गोवा समेत कई राज्यों में भाजपा सरकार की हैट्रिक बना चुकी है। अब उत्तराखंड में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी। इस बार 57 या 47 सीट नहीं बल्कि 65 पार का लक्ष्य है। शाह से पंडाल में बैठे लोगों से संवाद भी किया गया।
वोट बचाओ नहीं घुसपैठिया बचाओ यात्रा
शाह ने कांग्रेस की वोट बचाओ यात्रा को घुसपैठिया बचाओ यात्रा करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक-एक घुसपैठिए को देश से बाहर करेगी। कांग्रेस को घुसपैठियों की चिंता है।









