इंडस्ट्रीयल हब बनता उज्जैन : Bajaj ऑटो लगाएगी 200 एकड़ में व्हीकल प्लांट

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। वॉल्वो-आयशर के बाद अब देश की पहली थ्री-व्हीलर और दूसरी टू-व्हीलर कंपनी बजाज ऑटोमोबाइल उज्जैन में दस्तक देने वाली है। कंपनी ने ऑटोमोबाइल यूनिट के लिए 200 एकड़ जमीन की मांग की है।
वह 2500 करोड़ का निवेश करने को तैयार है। एमपीआईडीसी के अफसरों ने बजाज कंपनी के अधिकारियों को रतलाम, कचनारिया (नागदा) इंडस्ट्रीयल एरिया का भ्रमण कराया है। गुरुवार को टीम उज्जैन आ रही है। यहां विक्रम उद्योगपुरी में भी जमीन देखेगी।
दरअसल, उद्योगपतियों की उज्जैन अब पहली पसंद बन रहा है। राज्य शासन की नीतियों के कारण लोग यहां उद्योग लगाने में दिलचस्पी ले रहे हैं। अच्छी नीति, देश भर से बेहतर रोड कनेक्टिविटी, भरपूर बिजली, नर्मदा की पाइपलाइन, रेल नेटवर्क, फाइनेंस, जमीन की उपलब्धता के कारण उज्जैन को पंसद किया जा रहा है।
इसी कड़ी में बजाज ग्रुप ने उज्जैन में ऑटोमोबाइल यूनिट लगाने की योजना बनाई है। कंपनी ने 200 एकड़ जमीन पर 2500 करोड़ का निवेश करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी यहां टू-और थ्री-व्हीलर यूनिट लगाएगी। कंपनी अधिकारियों ने बुधवार को रतलाम और कचनारिया (नागदा) का इंडस्ट्रीयल एरिया देखा है। गुरुवार को वे उज्जैन में विक्रम उद्योगपुरी में जमीन देखेंगे।
वर्ल्ड की टॉप इलेक्ट्रिक कंपनी सीमेंस का आना तय
वर्ल्ड की टॉप इलेक्ट्रिक कंपनी सीमेंस ने भी विक्रम उद्योगपुरी में अपनी सीट बुक कर ली है। कंपनी ६०.४९ एकड़ मेंं ट्रांसफार्मर यूनिट लगाने जा रही है। 1847 में स्थापित कंपनी उज्जैन में 2533 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। दो साल में उसने प्लांट चालू करने का लक्ष्य रखा है।
बजाज ऑटोमोबाइल के अफसर जमीन देखने आ रहे हैं
बजाज ऑटोमोबाइल के अफसर गुरुवार को विक्रम उद्योगपुरी में जमीन देखने आ रहे हैं। उन्होंने रतलाम और कचनारिया (नागदा) में बुधवार को जमीन देखी थी। 200 एकड़ में वे टू और थ्री-व्हीलर यूनिट लगाएंगे। यह यूनिट ईवी व्हीकल की रहेगी। उम्मीद है यह डील फाइनल हो जाएगी। राजेश राठौड़, ईडी एमपीआईडीसी









