मकान और कार का सौदा कर राशि दी बदले में थमा दी नकली सोने की प्लेट

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। एमपी नगर में रहने वाले पंडित को परिचित ने मकान, कार का सौदा करा कर नकली सोने की प्लेटें थमा दी। पंडित ने आरोपी को पकड़कर चिमनगंज थाना पुलिस के सुपुर्द किया जिससे पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके दो साथियों को भी हिरासत में लिया है।
पुलिस ने बताया कि शीतल शर्मा पिता सुदामा शर्मा निवासी अतिरिक्त विश्वबैंक कॉलोनी के साथ हितेश पिता कमल निवासी सईद नगर ने नकली सोने की प्लेटें देकर धोखाधड़ी की। शर्मा ने बताया कि वर्ष 2021 में हितेश से उनका परिचय मकान खरीदने के सिलसिले में हुआ था। हितेश को सईद नगर का मकान 25 लाख में बेचा जिसके रुपए उसने नहीं दिए। बाद में एक कार व एक मकान का और सौदा किया। हितेश ने अपनी पत्नी आरती के साथ मिलकर 10 लाख रुपए नकद भी लिए। जब उससे रुपए लौटाने की बात कही तो हितेश उनके पास सोने की प्लेटें लेकर पहुंचा और कहा कि यह पुश्तैनी प्लेटें हैं। इसमें 25 ग्राम सोना अधिक है जो ज्वेलरी से कटवाकर ले जाऊंगा बाकि सोना आप रख लो। शीतल शर्मा के अनुसार जब प्लेट की जांच की तो पता चला कि उक्त सोना नकली है। ठगी का प्रकरण दर्ज कराया है।
पत्नी बोली झूठे केस में फंसा दूंगी
शीतल ने हितेश की तलाश में उसके घर पहुंचे। जहां उसकी पत्नी आरती ने धमकी दी कि झूठे केस में फंसा दूंगी। काफी तलाश के बाद उन्हें हितेश मिला जिसे पकड़कर थाने लाए। यहां पुलिस ने सोने की नकली प्लेट्स के बारे में पूछताछ की तो उसने दुर्गाशंकर निवासी दोंता मक्सी और अभिषेक निवासी देवास से प्लेट लाना बताया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। शीतल शर्मा के अनुसार हितेश ने करीब 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। फिलहाल मामला जांच में है।









