किसी ने कहा चौड़ीकरण की जरूरत नहीं तो किसी का तर्क विकास कैसे होगा

अब्दालपुरा में सड़क चौड़ीकरण:
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा के गणेश चौक तक रवींद्रनाथ टैगोर मार्ग सड़क चौड़ीकरण का काम करने के लिए सोमवार को नपती हो गई है। वर्तमान में सड़क करीब 20 फीट चौड़ी है इसे 50 फीट चौड़ी बनाने के लिए सड़क के दोनों तरफ 15 से 20 फीट तक निर्माण टूटेंगे।
सड़क चौड़ीकरण के लिए बीच कील गाड़कर सड़क के दोनों तरफ नपती हुई है और किस मकान को कितना तोडऩा है यह मीटर में अंकित किया गया है। तोडफ़ोड़ की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों की मिश्रित प्रतिक्रिया है। कोई इसे आवश्यक बताकर चौड़ीकरण का समर्थन कर रहा है तो कई लोगों ने 50 फीट के बजाय 40 फीट तक चौड़ीकरण की मांग की है।
कैमरा चालू करते ही बयान बदल जाते हैं
लोगों से आम व्यक्ति बनकर जानकारी ली तो कई लोगों ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे अनावश्यक और चौड़ीकरण के गैर जरूरी बताते हुए कमीशन का खेल बताया। जब पत्रकार का परिचय देकर मोबाइल पर बयान रिकार्ड किए तो लोगों ने अपने बयान बदल दिए और चौड़ीकरण के समर्थन में बोलने लगे।
व्यवसायिक नहीं रहवासी क्षेत्र है
क्षेत्र के लोगों ने बताया करीब एक किलोमीटर से थोड़ी कम लंबी इस सड़क पर व्यवासियक दुकानें 10-15 से ज्यादा नहीं हैं। यह व्यवसायिक क्षेत्र नहीं रहवासी क्षेत्र है। दुकानें नहीं हैं इसलिए चौड़ीकरण के बाद यहां जमीन की कीमत नहीं बढ़ेगी।
दूसरी सड़क है इसे चौड़ा करने की जरूरत नहीं
अपनी पहचान छिपाकर तर्क देने वालों का कहना है कि नयापुरा का रोड बन गया है। लोगों का आवागमन उस रास्ते से ज्यादा होता है। रवींद्रनाथ टैगोर मार्ग को चौड़ा करने की जरूरत नहीं है। चौड़ीकरण आवश्यक है तो 50 फीट के बजाय सड़क की चौड़ाई 40 फीट की जा सकती है।
थाने की बाउंड्रीवाल टूटेगी
इसी रोड पर जीवाजीगंज थाना भी है। थाने का भवन सड़क से काफी अंदर बना है। चौड़ीकरण में थाने की बाउंड्रीवाल टूटेगी और कुछ जमीन जाएगी। थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा ने बताया थाने पर निशान डल गए हैं कहीं साढ़े तीन मीटर तो कहीं चार मीटर जगह जा रही है। भवन को नुकसान नहीं होगा। बाउंड्रीवाल टूटेगी।
निशान लगने के साथ ही अफसर पहुंचे मैदान में
करीब 15 दिन से शांत बैठी प्रशासनिक टीम ने एक बार फिर चौड़ीकरण के लिए मैदान संभाल लिया है। अफसरों ने मंगलवार को गुदरीचौराहा- हरसिद्धि पाल और खजूरवाली मस्जिद-गणेश चौक का मुआयना किया और तैयारी देखी। दोनों सड़कों की नपती हो चुकी है और मकानों पर निशान लगा दिए गए है।
गुदरीचौराहा-हरसिद्धि पाल: संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने गुदरी चौराहा से हरसिद्धि पाल तक की सड़क देखी। इस दौरान अफसरों को जरूरी निर्देश भी दिए।
संभागायुक्त और कलेक्टर ने गदा पुलिया चौराहा से अंबर कॉलोनी हरिफाटक ब्रिज चौराहा तक चल रहे चौड़ीकरण काम का मुआयना भी किया। उन्होंने अधिकारियों एवं इंजीनियरों से प्रस्तावित मार्ग चौड़ीकरण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सिंहस्थ की दृष्टि से महत्वपूर्ण सभी मार्गों का चौड़ीकरण शीघ्रता से शुरू करने का कहा।
ई-रिक्शा से किया सफर
अफसरों ने महाकाल चौराहे से खजूर वाली मस्जिद तक ई-रिक्शा से यात्रा की। संभागायुक्त ने ई-रिक्शा चालक से मार्ग की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने ई-रिक्शा चालक को किराया भी अदा किया।
लोगों ने कहा
इस बार मकान में ज्यादा अंदर तक निशान लगाया
मेरा मकान 2.6 मीटर टूटेगा। 50 फीट चौड़ीकरण की आवश्यकता नहीं है। सड़क 40 फीट तक चौड़ी करने पर भी काम हो सकता है। चौड़ीकरण की इस कार्रवाई में 5 या 6 मंदिर भी टूटेंगे। जहां अभी गणेश उत्सव का कार्य चल रहा है। पिछली बार भी निशान लगाकर गए थे। इस बार ज्यादा अंदर तक निशान लगाया है। योजना एकबार बनाकर उस पर कायम रहना चाहिए, बारबार योजना से बदलने से हमें भी परेशानी हो रही हैै।
रमेशचंद्र शर्मा
सेवानिवृत्त सहकारी बैंक पानबिहार शाखा प्रबंधक
मेरा मकान भी टूटेगा परंतु चौड़ीकरण के समर्थन है
इस रास्ते से ढोल ग्यारस और हनुमानजी का चल समारोह निकलता है। रास्ता संकरा होने के कारण जुलूस में चलने वालों को परेशानी होती है। आम दिनों में चार पहिया वाहनों की क्रासिंग हो तो जाम लग जाता है। लोग परेशान हो जाते हैं। चौड़ीकरण हुआ तो सुंदरता बढ़ेगी। मकान और दुकान की कीमत भी बढ़ेगी। मेरी किराने की दुकान किराए की है। यह पूरी टूटेगी। पास ही मैनें अभी मकान खरीदा है। वह भी 16 फीट टूटेगा। परंतु चौड़ीकरण को मेरा समर्थन है।
महेश चौरसिया, तिरुपतिधाम तराना रोड
लोगों को समर्थन करना चाहिए
शहर बढ़ रहा है। वाहन भी बढ़ रहे हैं इसलिए सड़कों पर यातायात भी बढ़ गया है। जहां सड़क संकरी हो तो दिनभर जाम लगता रहता है। चौड़ीकरण से सुविधा बढ़ेगी। लोगों को इसका समर्थन करना चाहिए।
मधुसूदन त्रिपाठी, स्थानीय निवासी
आय का साधन की दुकान का किराया है, वह भी टूट जाएगी
मैं अकेली रहती हूं। मेरी आय का साधन दुकान का किराया है। दुकान 10 फीट की है जो टूट जाएगी। दुकान टूटने से आय का ोत भी खत्म हो जाएगा। तीसरी बार नपती हो रही है। हर बार बढ़ाकर नाप जाते हैं। ईमानदारी से एक बार नापकर उसी पर कायम रहें। चौड़ीकरण का विरोध नहीं है परंतु चौड़ीकरण के कारण आय का साधन खत्म न हो शासन-प्रशासन इस बात का ध्यान रखे।
आशा ठाकुर, स्थानीय निवासी
विरोध करेंगे तो विकास कैसे होगा
चौड़ीकरण को पूरा समर्थन है। शहर के विकास के लिए ही योजना बनती है। हमें उसका समर्थन करना चाहिए। विरोध करेंगे तो विकास कैसे होगा।
हर्ष शर्मा, इंश्योरेंस कर्मचारी









