नीरू ढांडा ने रचा इतिहास, महिला ट्रैप में भारत को दिलाया गोल्ड

नागोया। भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने मंगलवार को एशियन गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया। उन्होंने महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनने का गौरव हासिल किया। यह एशियन गेम्स में भारत का 5वां गोल्ड और व्यक्तिगत स्पर्धा का पहला स्वर्ण है।
30 में से 28 निशाने लगाए
26 वर्षीय नीरू ढांडा ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 में से 28 निशाने टारगेट पर लगाए और पहला स्थान हासिल किया। चीन की सन युनोंग 26 अंक के साथ दूसरे और हाजर अब्दुलमलिक 21 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
नीरू की इस जीत के साथ भारत को निशानेबाजी में एक और महत्वपूर्ण पदक मिला। इससे पहले उन्होंने आशिमा अहलावत और मनीषा कीर के साथ महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में भी भारत को सिल्वर दिलाया था।
महिला टीम ने जीता सिल्वर
महिला ट्रैप टीम स्पर्धा में नीरू ढांडा, आशिमा अहलावत और मनीषा कीर की भारतीय टीम ने 328 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। चीन ने 346 अंक के साथ गोल्ड और कुवैत ने 325 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता।
भारत के खाते में 47 पदक
नीरू ढांडा के गोल्ड के बाद एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 47 हो गई है। इनमें 5 गोल्ड, 21 सिल्वर और 21 ब्रॉन्ज शामिल हैं।
नीरू ढांडा का यह प्रदर्शन भारतीय शूटिंग के लिए भी खास उपलब्धि है। इससे पहले जुलाई 2026 में वह ISSF वर्ल्ड कप में महिला ट्रैप गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं।









