Popup Image
Advertisement

बाजार गिरा तो चढ़ा कोटक बैंक का शेयर, जानिए नए MD-CEO अनूप साहा को

शेयर बाजार में गुरुवार को गिरावट के बीच कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में तेजी देखने को मिली। बैंक का शेयर करीब 4 फीसदी तक चढ़ गया। इसकी बड़ी वजह बैंक की ओर से अनूप कुमार साहा को नया मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और CEO बनाए जाने की घोषणा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।

Advertisement

अनूप कुमार साहा का कार्यकाल 1 जनवरी 2027 से शुरू होगा और वह तीन साल तक इस पद पर रहेंगे। फिलहाल वह कोटक महिंद्रा बैंक में होल-टाइम डायरेक्टर और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर काम कर रहे हैं। वह मौजूदा MD और CEO अशोक वासवानी की जगह लेंगे। बैंक ने बताया कि नियुक्ति को लेकर बोर्ड आगे जरूरी औपचारिकताएं पूरी करेगा और शेयरधारकों से भी मंजूरी ली जाएगी। CEO पद के लिए बैंक ने अनूप कुमार साहा और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर पारितोष कश्यप के नाम RBI को भेजे थे।

जनवरी 2026 में कोटक बैंक से जुड़े

Advertisement

अनूप कुमार साहा जनवरी 2026 में कोटक महिंद्रा बैंक से जुड़े थे। इसके बाद मार्च 2026 में उन्हें होल-टाइम डायरेक्टर बनाया गया। फिलहाल वह बैंक के रिटेल बैंकिंग, सरकारी कारोबार, डेटा एनालिटिक्स और मार्केटिंग से जुड़े काम देख रहे हैं। साहा के पास बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में तीन दशक से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने IIT खड़गपुर से इंजीनियरिंग में B.Tech किया है। इसके बाद IIM लखनऊ से MBA की पढ़ाई की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत BHEL से की थी। यहां उन्होंने 1991 से 1995 तक प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में काम किया। इसके बाद कुछ समय कंज्यूमर ड्यूरेबल सेल्स में काम करने के बाद वह GE Capital से जुड़े। यहां उन्होंने क्रेडिट कार्ड, सेल्स और एनालिटिक्स से जुड़े काम संभाले।

ICICI बैंक में 14 साल किया काम

Advertisement

साहा ने मई 2003 से जून 2017 तक करीब 14 साल ICICI बैंक में काम किया। इसके बाद वह बजाज फाइनेंस से जुड़े और वहां कई अहम पदों पर जिम्मेदारी संभाली। अक्टूबर 2017 में उन्होंने बजाज फाइनेंस में प्रेसिडेंट- कंज्यूमर फाइनेंस के रूप में काम शुरू किया। आगे चलकर वह डिप्टी CEO, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर जैसे पदों पर रहे। अप्रैल 2025 में उन्हें बजाज फाइनेंस का MD और CEO बनाया गया था। हालांकि, जुलाई 2025 में उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया।

कोटक बैंक के शेयर में तेजी

अनूप कुमार साहा की नियुक्ति की खबर के बाद कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर में तेजी देखने को मिली। पिछले कारोबारी सत्र में BSE पर शेयर 417.60 रुपये पर बंद हुआ था। गुरुवार को यह 425.45 रुपये पर खुला और शुरुआती कारोबार में करीब 4 फीसदी बढ़कर 433.70 रुपये तक पहुंच गया। यह 10 फरवरी के बाद शेयर का सबसे ऊंचा स्तर रहा। कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर का 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 452.98 रुपये और निचला स्तर 345.40 रुपये है। इस साल अब तक शेयर में करीब 6 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें