पुराने नोट के बदले स्पेशल फोर्स के आरक्षक से ठग लिए 42 हजार रुपए

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पुराने दो और पांच रुपए के नोट की ज्यादा कीमत दिलाने का झांसा देकर फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने स्पेशल फोर्स के आरक्षक से 42 हजार रुपए ठग लिए। रुपए नहीं मिले तो आरक्षक ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। माधवनगर पुलिस ने धोखाधड़ी की धारा में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार उज्जैन पुलिस लाइन के ई-ब्लॉक में रहने वाले आरक्षक परमसिंह पिता मुंशीसिंह यादव के मोबाइल पर 26 सितंबर को कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर बताया कि उसके पास दो और पांच रुपए के पुराने नोट और सिक्के हों तो उनकी ज्यादा कीमत दिलवा सकता है। आरक्षक से उसने नोट और सिक्कों का फोटो खींचकर वाट्सएप पर भेजने भेजने को कहा।
आरक्षक यादव ने उसके पास रखे दो और पांच के नोटों के फोटो खींचकर वाट्सएप पर भेज दिए। आरोपी ने आरक्षक को अलग-अलग नोट की कीमत 40 हजार रुपए से कुछ लाख तक बताई। इसके बाद 27 सितंबर को आरोपी ने आरक्षक से फाइल चार्ज, बैंकिंग चार्ज और अन्य कारण बताते हुए रुपए भेजने को कहा। आरक्षक ने अलग अलग ट्रांजक्शन से कुल 42 हजार रुपए अपने खाते में डलवा लिए। आरक्षक की रिपोर्ट पर माधवनगर थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है।









