मस्जिद को बनाता था निशाना, पकड़ाया

चामुंडा माता स्थित अल्लाह करीम मस्जिद की चोरी का खुलासा
एसी की 40 फीट लंबी कॉपर केबल काट ले गया था, अब जेल में
उज्जैन। पुलिस ने एक ऐसे नकबजन को गिरफ्तार किया है,जो मस्जिद को ही अपना निशाना बनाता था। वह दूसरी बार मस्जिद में चोरी करते हुए पकड़ा गया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है।
दरअसल, चामुंडा माता चौराहा स्थित अल्लाह करीम मस्जिद में ७ सितंबर को चोरी की वारदात हुई थी। आरोपी एसी की कॉपर केबल काट ले गया था। ४० फीट लंबी केबल का वजन ५ किलो था। इतना ही नहीं उसने छत पर लगी पानी की टंकियों को ठंडा करने के लिए लगाए एसी के तांबे के पाइप की दो क्वाइल भी चुराने की कोशिश की थी। कोतवाली पुलिस प्रकरण दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश कर रही थी।
तोपखाना मस्जिद में भी कर चुका है चोरी
पुलिस को पता चला था कि यह वारदात आगर रोड के अहमदनगर मदरसे के पास रहने वाले २६ साल के शादाब उर्फ खलीफा ने की है। वह आदतन चोर है। इससे पहले तोपखाना मस्जिद में भी वह चोरी कर चुका था। मूलत: जूना सोमवारिया के रहने वाले शादाब को आगर रोड रेलवे क्वार्टर के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी की निशानदेही पर कॉपर केबल जब्त की गई। इसकी कीमत ९ हजार रुपए आंकी गई है। उसे कोर्ट में पेश किया। यहां से जेल भेजने के आदेश हुए हैं।









