मंडी चौराहे पर हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत

उज्जैन। आगररोड के मंडी चौराहे पर सोमवार रात एक ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साड़ी विक्रेता साथी घायल है।
पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब 1 बजे दरगाह चौराहे पर हुआ। बापूनगर में रहने वाला ई-रिक्शा चालक 35 साल का दीपक सोनी दोस्त आकाश सूर्यवंशी के साथ नानाखेड़ा में रहने वाले दोस्त से मिलने जा रहा था। मंडी चौराहे की तरफ पीछे से इनकी बाइक को एक ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी। इससे बाइक उछलकर दूर जा गिरी और दीपक के सिर में गहरी चोट लग गई। आकाश भी घायल हो गया। दोनों को अस्पताल लाया गया, यहां दीपक को मृत घोषित कर दिया गया।
दीपक ड्राइवर आकाश साड़ी विक्रेता
दीपक ई-रिक्शा चलाता था, जबकि आकाश फेरी लगाकर साड़ी बेचने का काम करता है। आकाश का इलाज निजी अस्पताल में जारी है। मंडी पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।









