रामवास में टायर फटने के बाद चलती बस में लगी आग, 12 यात्री बाल-बाल बचे

उज्जैन। उज्जैन से करीब 15 किमी दूर रामवास क्षेत्र में मंगलवार दोपहर करीब 12:15 बजे उज्जैन से इंदौर जा रही सीएम सुगम परिवहन की बस में अचानक आग लग गई। बस में करीब 12 यात्री सवार थे। आग लगने के बाद धुआं उठता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और वे बस से बाहर निकल गए। कुछ ही मिनट में पूरी बस आग की चपेट में आ गई।
टायर फटने के बाद बस हुई अनबैलेंस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामवास क्षेत्र में बस का टायर अचानक फट गया था। इसके बाद बस अनबैलेंस हो गई और इसी दौरान उसमें आग लग गई। धुआं उठते ही यात्रियों ने घबराकर बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
पौन घंटे बाद पहुंचीं 4 फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलने के करीब 45 मिनट बाद 4 फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। इसके बाद दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पूरी बस जलकर खाक, सिर्फ चेचिस बची
आग इतनी तेजी से फैली कि दमकलकर्मियों के पहुंचने तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था। आग बुझने के बाद बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिली और सिर्फ उसका चेचिस बचा था।
पुलिस और संबंधित विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारण और बस में आग फैलने की स्थिति की जांच की जा रही है।
View this post on Instagram









