निगम का सिंहस्थ : 3 और रोड के चौड़ीकरण का काम शुरू

निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने किया मुआयना
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बारिश का सीजन खत्म होते ही एक बार फिर सिंहस्थ की तैयारियों ने जोर पकडऩा शुरू कर दिया है। पुराने शहर में तीन और रोड के चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने सोमवार को इनका मुआयना किया।
दरअसल, यह सड़कें भी सिंहस्थ की दृष्टि से महत्वपूर्ण है और इन्हें जल्दी से जल्दी पूरा करने पर फोकस किया जा रहा है।
1 गाड़ी अड्डा-निकास चौराहा- करीब 1 किलोमीटर लंबी सड़क को 18 मीटर चौड़ा किया जाएगा। मंडी गेट, फाजलपुरा, वीडी मार्केट के सामने से होकर गुजरने वाले इस रोड की चौड़ाई कहीं 10 तो कहीं 14 फीट तक है। यह सड़क आगर रोड को बड़े पुल से जोडऩे वाली और शहर में प्रवेश करने वाली मुख्य सड़कों में से एक है।
अभी क्या- रहवासी निशान वाली जगह तक अपने भवन-दुकान का हिस्सा खुद हटा रहे हैं। नगरनिगम ने खाली जगह पर नाली का निर्माण शुरू कर दिया है।
2 बंबई वाली धर्मशाला से दानीगेट- 470 मीटर लंबी इस सड़क को भी 18 मीटर चौड़ा किया जाना है। रामघाट तक जाने वाली यह मुख्य सड़क है और राजसी (स्नान) के दौरान अखाड़े रामघाट तक आने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। फिलहाल यह सड़क 15 मीटर तक चौड़ी है। हालांकि रोड के एक ओर का हिस्सा खुला हुआ है और इस पर ज्यादा मकान नहीं है।
अभी क्या- रहवासी भवन का चिह्नित हिस्सा खुद हटा रहे हैं। निगम फिलहाल जमीन खाली होने का इंतजार कर रहा है। इसके बाद वह नाली बनाने, पोल शिफ्टिंग के काम शुरू करेगा।
3 गुदरी चौराहा-पानदरीबा हरसिद्धि पाल- बाबा श्री महाकालेश्वर की सवारी और पेशवाई वाला यह मार्ग 570 मीटर लंबा है। इसे फिलहाल 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। अभी सड़क की स्थिति कहीं 8 तो कहीं 10 मीटर तक है। भीड़ को देखते हुए इसका चौड़ीकरण जरूरी है।
अभी क्या- मकानों की तुड़ाई का काम चल रहा है। प्रभावित हिस्सा हटने के बाद निगम पोल शिफ्टिंग, नाली निर्माण और फिर सड़क बनाने का काम शुरू करेगा। घनी बसाहट वाला इलाका होने से यहा मलबा हटाने में दिक्कत भी आ रही है।
View this post on Instagram









