कोबल स्टोन में गड़बड़ी मिली, धीमे काम पर भी सीईओ नाराज

उज्जैन। स्मार्टसिटी के तहत झालरिया मठ में चल रहे काम में सीईओ को दूसरी बार खराबी मिली है। फर्श के कोबल स्टोन की गड़बड़ी ठीक करने के निर्देश एजेंसी निवासा पावर साल्युशन को दिए हैं। यहां काम की गति भी धीमी पाई गई। सीईओ ने फावड़े से खुदवाकर सड़क भी देखी।
दरअसल,सीईओ दूसरी बार झालरिया मठ और कर्कराज पार्किंग का मुआयना करने पहुंची थीं। पिछली बार भी काम की रफ्तार सुस्त थी और इस बार भी। कोबल स्टोन का स्लोप भी ठीक से नहीं दिया था। सीईओ ने एजेंसी के जिम्मेदारों से इसे ठीक करने का कहा। इसी तरह मैनपावर बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि काम 15 अक्टूबर तक पूरा होना चाहिए।
कर्कराज पार्किंग की बाउंड्रीवॉल में पेंच
कर्कराज पार्किंग का निर्माण स्मार्ट सिटी कर रही है। यहां दीवार को लेकर पेंच फंसा हुआ है। दीवार कौन बनाएगा, इस चक्कर में बाकी काम अटके हुए हैं। सीईओ ने कहा कि यूडीए से समन्वय कीजिए और बाउंड्रीवॉल की सीमा तय कीजिए। ताकि जल्दी से काम शुरू हो सके।
हनुमान नाका : हरिफाटक ओवरब्रिज सड़क का काम देखने पहुंचे निगमायुक्त, तेजी के निर्देश
उज्जैन। मानसूनी सीजन खत्म होने के बाद अब अफसर एक बार फिर मैदान में लौट आए हैं। निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने मंगलवार को हनुमान नाका-हरिफाटक ओवरब्रिज रोड और नीलगंगा-हरिफाटक रोड चौड़ीकरण काम का मुआयना किया।
1 सिंहस्थ की दृष्टि से सबसे महत्वपूर्ण हनुमाननाका- हरिफाटक ओवरब्रिज रोड को 10 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। 450 मीटर लंबाई में इसे 18 मीटर चौड़ा किया जाएगा। मार्ग के 100 मीटर के हिस्से में पीक्यूसी हो चुका है। शेष 350 मीटर का काम भी जल्द ही शुरू होने की संंभावना है।
2 नीलगंगा-हरिफाटक ओवरब्रिज सड़क 1.2 किलोमीटर लंबी है। नेशनल क्लीन एयर प्रोजेक्ट के तहत इसे चौड़ा किया जा रहा है। आयुक्त को इस सड़क के निर्माण की गति धीमी मिली तो उन्होंने एजेंसी के अफसरों को स्पीड बढ़ाने के आदेश दिए।
दोनों सड़कों का निर्माण पूरा होने पर सिंहस्थ और महाकाल क्षेत्र की तरफ जाना और आसान हो जाएगा। मुआयने के दौरान अपर आयुक्त सिंहस्थ संतोष टैगोर, कार्यपालन यंत्री हिमांशु तिवारी और उनकी टीम मौजूद थी।









