चंदूखेड़ी ब्रिज के पास मौत बनकर आया अज्ञात वाहन, युवक की गई जान

उज्जैन। चिंतामण थाना क्षेत्र के चंदूखेड़ी ब्रिज के पास मंगलवार शाम एक सड़क हादसे में एक्टिवा चालक की मौत हो गई। घटना में उसके साथ बैठे एक युवक को चोट आई है। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक वाहन भगा ले गया।
पुलिस के अनुसार घटना में २1 वर्षीय जाहिद पिता वाहिद निवासी खेड़ामाधव की मौत हो गई। उसके साथी ३० वर्षीय वसीम पिता वकील को चोट आई है। जाहिद और वसीम दोनों टाइल्स लगाने का काम करते है। अपना काम खत्म करने के बाद मंगलवार शाम दोनों एक्टिवा सेे घर लौट रहे थे। चंदूखेड़ी ब्रिज के पास अज्ञात वाहन ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में जाहिद की मौके पर मौत हो गई। वहीं घायल वसीम को अस्पताल पहुंचाया। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर थाना चिंतामण पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। चिंतामण पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। अज्ञात वाहन के आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।









