भीषण सड़क हादसा: बस ने बाइक सवारों को कुचला, 2 की मौत

उज्जैन जिले के घटिया थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तराना से उज्जैन की ओर आ रही आनंद ट्रैवल्स की बस ने भान बड़ोदिया के पास बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे घटिया थाना क्षेत्र के बड़ोदिया गांव के पास की है। जानकारी के मुताबिक बाइक पर तीन लोग बिसन खेड़ा क्षेत्र से उज्जैन की ओर आ रहे थे। इसी दौरान तराना से उज्जैन जा रही आनंद ट्रैवल्स की बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मनोहर पिता सुकराम सोलंकी बलाई, निवासी बिसनखेड़ा, उम्र करीब 45 वर्ष, और मांगीलाल पिता देवीलाल परमार की मौत हो गई। वहीं शंकर पिता पन्नालाल सोनकी, बलाई उम्र करीब 45 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है।
परिजनों के मुताबिक तीनों खेती-किसानी से जुड़े थे और आपस में रिश्तेदार एवं पड़ोसी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।









