एलिवेटेड कॉरिडोर के कारण पुराने शहर के ट्रैफिक प्लान में होगा बदलाव

देवासगेट बस स्टैंड 12 से नानाखेड़ा होगा शिफ्ट
राजस्थान और ग्रामीण क्षेत्रों में जाने वाली बसें होंगी प्रभावित
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। एलिवेटेड कॉरिडोर के चलते 12 अक्टूर से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने वाला है। देवासगेट स्टैंड से चलने वाली बसें नानाखेड़ा स्टैंड पर शिफ्ट होंगी। ऐसे में बसों की भीड़ से नानाखेड़ा स्टैंडकी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहेगी।
दरअसल, शहर में दो बस स्टैंड हैं। पहला देवासगेट और दूसरा नानाखेड़ा। देवासगेट से आगर, सोयत, राजस्थान, महिदपुर, बडऩगर, रतलाम, खाचरौद, जावरा, नागदा, तराना, मक्सी, झारड़ा, घट्टिया और घोंसला की तरफ जाने वाली बसें चलती हैं।
यहीं से रात के समय में लंबी दूरी की (स्लीपर) बसें भी संचालित होती हैं। एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण के चलते अब देवासगेट स्टैंड को पूरी तरह बंद किया जा रहा है। यह परिर्वतन १२ अक्टूबर से होने की संभावना है। इस संबंध में बस ऑपरेटर को सूचना दे दी गई है। अफसरों ने कॉरिडोर काम के मुआयने के बाद बदलाव करना तय किया है।
नानाखेड़ा बस स्टैंड पर जगह नहीं रहेगी, नए शहर में फंसेगा ट्रैफिक
प्रशासन का देवासगेट बस स्टैंड को नानाखेड़ा लाने का फैसला नए शहर (नानाखेड़ा, देवास रोड, इंदौर रोड) पर जाम के हालत पैदा कर सकता है। अभी नानाखेड़ा बस स्टैंड से करीब 300 से ज्यादा बसें चलती हैं। यह देवास, इंदौर के साथ लंबी दूरी की होती हैं। इनमें से अधिकतर की पार्किंग बस स्टैंड के भीतर रहती है। देवासगेट बस स्टैंड की बसेंं यहंा आने से पार्किंग की समस्या खड़ी होगी और ऐसे में यह बसें सडक़, कॉलोनियों में पार्क होंगी। तब साफ-सुथरे और व्यवस्थित क्षेत्र में जाम के हालात बनने की आशंका रहेगी।
दौलतगंज में लोडिंग-अनलोडिंग का समय बदलेगा एलिवेटेड कॉरिडोर के कारण दौलतगंज क्षेत्र में लोडिंग-अनलोडिंग का काम भी अब दिन के समय नहीं होगा। डीएसपी दिलीपसिंह परिहार के मुताबिक देर रात या अर्ली मॉर्निंग की बड़े वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा।
अक्षरविश्व सजेशन
देवासगेट से राजस्थान, आगर, सोयत , महिदपुर की तरफ जाने वाली बसों को मकोडिय़ा आम क्षेत्र में शिफ्ट किया जा सकता है। यह बसें यहीं से शुरू हों और यहीं खत्म।
तराना, मक्सी, नागदा, खाचरौद, रतलाम, बडऩगर की बसें भी यहां से चलाई जा सकती हैं।
देवासगेट स्टैंड का इस्तेमाल बस टर्मिनल की तरह किया जा सकता है। यहां से हाल ही मिली उज्जैन दर्शन बसों को मकोडिय़ा आम तरफ चला सकते हैं। यह यात्रियों को लाने और ले जाने का काम अच्छे से कर सकती हैं। छोटी बसें होने से ट्रैफिक में दिक्कत भी नहीं आएगी।
12 अक्टूबर तक शिफ्ट करने की योजना है
देवासगेट स्टैंड की बसों को नानाखेड़ा बस स्टैंड पर शिफ्ट किया जाएगा। नया बदलाव 12 अक्टूबर से लागू होगा। बस ऑपरेटरों को 11 अक्टूबर तक नानाखेड़ा पर व्यवस्था करने का कहा है। मनोज खत्री, एएसपी ट्रैफिक
हरिफाटक टी से बेगमबाग का रास्ता भी बंद करेंगे
हरिफाटक टी से बेगमबाग और इंटरप्रिटेशन सेंटर जाने वाला मार्ग भी बंद किया जाएगा। श्रद्धालु हरिफाटक ब्रिज, वेधशाला, होटल अर्थव, कर्कराज पार्किंग होते हुए महाकालेश्वर मंदिर तक आएंगे।-दिलीप सिंह परिहार, डीएसपी ट्रैफिक
देवासगेट स्टैंड की बसें नानाखेड़ा शिफ्ट होंगी
देवासगेट बस स्टैंड से चलने वाली बसों को नानाखेड़ा शिफ्ट किया जा रहा है। बस ऑपरेटरों को इस संबंध में सूचना दे दी है। 11 तक उन्हें नई जगह पर शिफ्ट होना है। करीब १५० बसें देवासगेट से संचालित होती हैं संतोष मालवीय, आरटीओ








