Popup Image

माधव कॉलेज में गरमाई राजनीति, एनएसयूआई ने कबाड़ बिक्री का हिसाब मांगा, जांच कमेटी बनाने की रखी मांग

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शासकीय माधव महाविद्यालय की पुरानी बिल्डिंग की खिड़कियों के कबाड़ की बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड को लेकर राजनीति गरमा गई है। एनएसयूआई ने विरोध जताते हुए कबाड़ बिक्री की निष्पक्ष जांच कराने की मंाग की है। खेल मैदान, विद्यावन और विभिन्न कार्यक्रमों पर खर्च की गई राशि का हिसाब भी मांगा है। एनएसयूआई पदाधिकारियों ने प्राचार्य कल्पना वीरेंद्र सिंह को फूल भेंट कर ज्ञापन सौंपा और कहा कि यदि प्राचार्य निर्दोष हैं तो उन लोगों के नाम सार्वजनिक करें, जिनके दबाव में कॉलेज के फैसले लिए जा रहे हैं।

Advertisement

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हिमांशु शुक्ला ने बताया कि कबाड़ बिक्री की लोकायुक्त में शिकायत की गई है। संगठन प्राचार्य को सीधे तौर पर दोषी नहीं मानता, लेकिन यह स्पष्ट होना चाहिए कि किन लोगों के दबाव में टेंडर और कबाड़ बिक्री संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए जाते हैं। मामले में जांच कमेटी गठित कर वास्तविक जिम्मेदारों के नाम सामने लाने की मांग की गई।

ज्ञापन में यह भी रखी मांग
बिल्डिंग की खिड़कियों के कबाड़ की बिक्री का रिकॉर्ड मांगा गया । इसमें मूल्यांकन, टेंडर, नीलामी और प्राप्त राशि का विवरण शामिल है। सवाल उठाया है कि महज 6 साल पुरानी बिल्डिंग की खिड़कियां बदलने की जरूरत क्यों पड़ी ? यदि निर्माण के समय ही गुणवत्ता में कमी थी तो उस समय के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए। हिमांशु शुक्ला के अनुसार जिस स्थान पर खेल मैदान होना चाहिए, वहां भवन निर्माण कराया जा रहा है। वहीं, करीब 5 लाख रुपए की स्वीकृत राशि से तैयार विद्यावन के पौधे भी निर्माण के लिए हटाए जा रहे हैं।

Advertisement

संगठन ने सवाल किया कि यदि निर्माण की योजना पहले से थी तो विद्यावन और खेल मैदान के लिए जगह तय करते समय इन पहलुओं पर विचार क्यों नहीं किया गया। एनएसयूआई ने कबाड़ बिक्री, निर्माण कार्यों और कॉलेज की व्यवस्थाओं से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर जवाबदेही तय करने की मांग भी की है। इस मौके पर कॉलेज अध्यक्ष रोहित लश्करी, कॉलेज उपाध्यक्ष आदित्य पुरोहित एवं हर्षिता सेन उपस्थित थे।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें