शांतिपैलेस-नानाखेड़ा में डक्ट नहीं बनाने और 2 तालाब टैगोर मार्ग की सड़क नीची रखने पर पूछ लिए सवाल

सिंहस्थ की तैयारी : निर्माण कार्यों की क्वालिटी और काम की स्पीड एसीएस संजय दुबे ने खुद कार ड्राइव कर देखी
दोनों जगह दिए सुधार के निर्देश
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ कामों की तैयारी देखने पहुंचे अपर मुख्य सचिव (एसीएस) संजय दुबे ने शांति पैलेस-नानाखेड़ा सड़क पर डक्ट नहीं बनाने और दो तालाब-देवास रोड सड़क की ऊंचाई कम होने पर सवालों को बरसात कर दी। खुद कार ड्राइवर कर काम देखने निकले दुबे नेे दोनों सड़कों की कमियां बताईं और इनको हाथोंहाथ दुरुस्त करने के टिप्स भी दे दिए। हालांकि अन्य कामों से वे संतुष्ट नजर आए, बस उन्होंने टाइमलाइन और क्वालिटी पर फोकस रखने का कहा।
सिंहस्थ की तैयारी युद्ध स्तर पर चल रही है। करीब 20 हजार करोड़ के काम में से इंदौर-उज्जैन सिक्सलेन पूर्णता की ओर है, बाकी काम की स्पीड को लेकर चिंता बढऩे लगी है। ऐसे में एसीएस संजय दुबे शनिवार को ग्राउंड रियलटी देखने पहुंचे थे। उन्होंने खुद कार ड्राइव की और संभागायुक्त आशीषसिंह, कलेक्टर रौशनकुमार सिंह, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा को साथ बैठाया और काम देखें।
नानाखेड़ा-शांतिपैलेस रोड पर डक्ट बनेगी
शुरुआत नानाखेड़ा चौराहा- शांति पैलेस फोरलेन से की। रोड पर जलनिकासी की व्यवस्था कमजोर है, ऐसे मेें उन्होंने जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था करने का कहा। ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) के कारण सड़क की खुदाई नहीं करना पड़े, इसलिए डक्ट बनाने और सड़क पर बने चैंबरों को हाई ग्रेड स्टील से कवर करने का कहा। फोरलेन का जीआईएस सर्वे कराकर छायादार एवं बड़े पौधे लगाने तथा ट्रैफिक अनुसार लाइटिंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
एक ही एजेंसी डेवलप करेगी सारे चौराहे
एसीएस ने शहर के प्रमुख चौराहों को डेवलप करने का भी कहा। उन्होंने कहा कि एक ही एजेंसी से चौराहों को डेवलप कराया जाए, ताकि काम में किसी तरह की दिक्कत नहीं आए और समन्वय ठीक रहे।
दो तालाब- देवासरोड सड़क की ऊंचाई कम
एसीएस ने दो तालाब-देवासरोड सड़क की ऊंचाई पर आशंका जताई। उनका कहना था कि हाइट कम है और बारिश में जलभराव हो सकती है। एसीएस ने खुद यहां टेप लगाकर ऊंचाई जांची। मार्ग के समानांतर बन रहे फुटपाथ का मुआयना भी किया और चैंबर भी देखें।
बेहतर प्लानिंग पर जोर
एसीएस हरिफाटक ब्रिज के नीचे नंदी चौराहे पर भी गए और यहां रोटरी बनाने का कहा। उन्होंने कहा कि रोटरी की प्लानिंग बेहतर होनी चाहिए। इसकी डिजाइन ऐसी होनी चाहिए कि ट्रैफिक स्मूथली गुजर जाए।
सर्किट हाउस के पिलर की फिनिशिंग ठीक नहीं
एसीएस भूखी माता क्षेत्र में बन रहे सॢकट हाउस को भी देखने पहुंचे। उन्होंने पिलर की फिनिशिंग पर सवाल किए। फिनिशिंग ठीक से करने का कहा।
काली मिट्टी के हिसाब से प्लानिंग करें
एसीएस ने बडऩगर रोड की सड़क क्रमांक 3 एवं 10 भी देखी। यहां काली मिट्टी से बारिश में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जल निकासी के लिए पाइप भी डालने का कहा।
यह भी देखा एसीएस ने
कार्तिक मेला ग्राउंड से नईखेड़ी मार्ग होते हुए सिंहस्थ बायपास सड़क।
नया सिंहस्थ मेला कार्यालय ।
इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में कैमरे लगाने, भवन निर्माण के साथ ही विद्युत एवं ड्रेनेज प्लानिंग पर जोर दिया।
मंगलनाथ मंदिर परिसर विस्तारीकरण योजना की जानकारी ली। काम की गति तेज रखने का हवाला दिया।
निरीक्षण के दौरान यूडीए सी ई ओ संदीप सोनी,स्मार्ट सिटी सीईओ नेहा जैन, अपर मेला अधिकारी दृष्टि जायसवाल, ओमप्रकाश सनोडिया एवं अपर आयुक्त ङ्क्षसहस्थ संतोष टैगोर सहित अन्य अफसर उपस्थित थे।








