2027 में शादियों की रहेगी धूम, 104 में से 92 शुभ मुहूर्त शुद्ध, मई-जून में सबसे ज्यादा विवाह

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नए साल (2027 ) में विवाह समारोहों की धूम बीते साल के मुकाबले इस बार दोगुनी रहने की संभावना है। पंचांग गणना के अनुसार 2027 में विवाह के कुल 104 मुहूर्त हैं। मुहूर्त शोध के बाद इनमें से 92 शुद्ध पाए गए हैं। शेष 12 मुहूर्त विशेष पूजा-पाठ और दान-पुण्य के माध्यम से शुद्ध किए जा सकते हैं। ऐसे में विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिवारों के लिए नया साल खुशियों और मांगलिक आयोजनों से भरा रहने वाला हो सकता है।
पंचांग अनुसार 2027 में विवाह मुहूर्तों का सिलसिला 18 जनवरी से शुरू होगा और 14 दिसंबर तक चलेगा। खास बात यह है कि साल में मई-जून विवाह के लिए सबसे अधिक अनुकूल रहेंगे।
12 मुहूर्त पूजा वाले
विवाह मुहूर्तों की गणना में 104 तिथियां सामने आई हैं। मुहूर्त शोध के बाद इनमें से 92 को शुद्ध और 12 को विशेष पूजा, दान और धार्मिक विधि-विधान के माध्यम से शुद्ध करने का हवाला दिया गया है। । इससे पूरे वर्ष में विवाह आयोजनों के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध रहेंगे।
14 तक ही गूंजेंगी 2026 में शहनाइयां
वर्ष 2026 में विवाह मुहूर्तों का सिलसिला 14 दिसंबर तक ही रहेगा। इसके बाद नए विवाह मुहूर्तों के लिए लोगों को नए साल का इंतजार करना होगा। वहीं, वर्ष 2027 में जनवरी से दिसंबर तक विवाह के कई अवसर मिलने से मांगलिक आयोजनों की रौनक लंबे समय तक बनी रहेगी। कुल मिलाकर, वर्ष 2027 विवाह आयोजनों के लिहाज से खास रहने वाला है। खासकर मई और जून में शुभ मुहूर्तों की अधिकता के चलते इन महीनों में शादियों की सबसे ज्यादा धूम देखने को मिल सकती है।








