गुरुवाणी से गूंजा नमक मंडी का इलाका…

आचार्य विजय नित्यसेन सूरीश्वरजी के मंगल प्रवेश के साथ पुण्य सम्राट आराधना भवन का लोकार्पण
प्रवचन में दिया धर्म आराधना और आत्मकल्याण का संदेश
उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन में रविवार को श्वेतांबर जैन समाज में उत्सव का माहौल रहा। क्षीरसागर से नमकमंडी स्थित ज्ञान मंदिर तक गुरु के जयकारे लगे। आराधना भवन का लोकार्पण करने पधारे आचार्य विजय नित्यसेन सूरीश्वर जी अगवानी के लिए समाज उमड़ पड़ा। दरअसल, गच्छाधिपति आचार्य विजय नित्यसेन सूरीश्वर जी ने साधु-साध्वी भगवंतों के साथ मंगल प्रवेश किया। जुलूस के रूप में उन्हें नमकमंडी स्थित ज्ञान मंदिर तक लाया गया। रास्ते भर आचार्यश्री के स्वागत में समाजजन पलक-पांवड़े बिछाए नजर आए।
जीवन को धर्म और संयम से जोड़ें
ज्ञानमंदिर पहुंचे आचार्यश्री ने मंगल प्रवचन में धर्म के वास्तविक स्वरूप और मानव जीवन में आराधना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मनुष्य जीवन केवल भौतिक सुख-सुविधाएं जुटाने के लिए नहीं, बल्कि आत्मा के कल्याण और आध्यात्मिक उन्नति के लिए है। संयम, सदाचार, करुणा और त्याग जैसे गुणों को अपनाकर ही व्यक्ति जीवन को सार्थक बना सकता है। धर्म आराधना को केवल धार्मिक क्रियाओं तक सीमित न रखते हुए उसे जीवन में उतारने की जरूरत है।
धर्म का प्रभाव तभी दिखाई देता है, जब व्यक्ति के विचार, व्यवहार और आचरण में सकारात्मक बदलाव आए। मन में विनम्रता, वाणी में मधुरता और व्यवहार में करुणा रखना भी धर्म की महत्वपूर्ण साधना है। भौतिक उपलब्धियां क्षणिक सुख दे सकती हैं, लेकिन आत्मिक शांति का मार्ग धर्म, तप और संयम से होकर गुजरता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कुछ समय आत्मचिंतन और धार्मिक साधना के लिए अवश्य निकालना चाहिए।
तीन मंजिला आराधना भवन का लोकार्पण
वीरेंद्र गोलेचा ने बताया कि आचार्यश्री ने आराधना भवन का लोकार्पण भी किया। तीन मंजिला आराधना भवन का निर्माण एक साल पहले शुरू हुआ था। तीन हजार स्केवयर फीट जमीन पर इसका निर्माण किया गया है। 8 हजार स्कवेयर फीट का बिल्टअप एरिया है। भवन में एक प्रवचन हॉल और 9 रूम हैं। यहां साधु-संतों के ठहरने की व्यवस्था है। गोलेचा ने बताया कि आराधना भवन बनने से प्रवचन की सुविधा होगी। यहां आध्यात्मिक एवं धार्मिक गतिविधियां हो सकेंगी। आराधना भवन सर्वसुविधायुक्त है। लाभाॢथयों की मदद से इसे तैयार किया गया है।








