डेकोरेटर्स के घर पर की थी फायरिंग, अब जेल में रहेंगे, हेकड़ी उतारने के लिए जुलूस निकाला

एक नाबालिग को सुधार गृह भेजा
उज्जैन। कोतवाली थाना क्षेत्र के मालीपुरा में एक डेकोरेटर्स से 2 लाख रुपए का हफ्ता मांगने वाले छह आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। वारदात में शामिल एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। आरोपियों की हेकड़ी निकालने के लिए मालीपुरा क्षेत्र में इनका जुलूस भी निकाला गया। सभी आरोपी युवा हैं और उनका काम हफ्ता वसूली करना है।
दरअसल, यह मसला 9 अक्टूबर का है। मालीपुरा में रहने वाले अभिषेक पटेल पर हमला हुआ था। यह हमला फरहान अहमद (22),तौफिक खान (25), अयान खान (20), नदीम कुरैशी (18), अयान अंसारी (19), नारायण बाथम (20) और एक नाबालिग ने किया था। यह लोग हफ्ता लेने गए थे। अभिषेक डेकारेशन का काम करता है। वह इसके ठेके लेता रहता है। आरोपियों का कहना था कि अगर उसे अपना काम ठीक तरीके से संचालित करना है तो उन्हें हफ्ता देना पड़ेगा।
आरोपी उससे 2 लाख रुपए की राशि मांग रहे थे और अभिषेक इतनी रकम देने को तैयार नहीं था। ऐसे में आरोपियों ने लक्ष्मीबाई मार्ग पर घेरकर उसे पहले जमकर पीटा और फिर पिस्टल निकालकर धमकाया। आरोप है कि इस बीच एक आरोपी ने फायरिंग भी की। अभिषेक किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा और परिजनों के साथ थाने पहुंचकर रिपेार्ट दर्ज कराई। गिरफ्तार सात आरोपियों में एक नाबालिग है। बाकी की उम्र 19 से 25 साल की है। इन्हें गैंगस्टर बनने का शौक है। यह सभी उज्जैन शहर के अलग-अलग मोहल्लों/ कॉलोनियों के रहने वाले हैं। बावजूद एक जैसे विचार होने से इनमें गहरी छनती है।फरहान कोट मोहल्ला, तौफिक, अयान खान, अयान अंसारी गांधीनगर, नदीम अमरपुरा और नारायण बाथम दुर्गा कॉलोनी के रहने वाले हैं।
आरोपी आदतन, दोस्त भी
आरोपी आदतन हैं और आपस में दोस्त हैं। इनका काम वसूली करना है। कोर्ट पेशी के बाद छह को जेल और नाबालिग को बाल सुधारगृह भेजा है।









