सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, रात में यात्रियों ने किया कलश गार्डन में भजन कीर्तन

तिरंगा फहराने और रामजी की आरती के कारण चौथे दिन डेढ़ घंटा देरी से शुरू हुई यात्रा, 40 किलोमीटर का सफर पूरा
आज शाम उज्जैन में रहेगा यात्रा का अंतिम मुकाम, कल करेगी शाजापुर जिले में प्रवेश
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। राम मंदिर के चढ़ावा चोरी के दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई, राममंदिर का मौजूदा ट्रस्ट भंग करने जैसे मांगों को लेकर निकाली जा रही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा चौथे दिन (शुक्रवार)करीब 1.30 घंटे की देरी से रवाना हुई। अब तक यात्रा 40 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है। खास बात यह है कि हर गांव से लोग इसमें जुड़ रहे हैं। तराना के कलश गार्डन मेें गुरुवार को आधी रात तक यात्रियों ने भजन किए। आज दोपहर तक यात्री सिद्धिपुर निपानिया पहुंच जाएंगे। शनिवार दोपहर तक यात्रा शाजापुर जिले में प्रवेश कर जाएगी।
20 अक्टूबर को सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा उज्जैन से शुरू हुई थी। अब तक तीन रात्रि विश्राम हो चुके हैं। कल शाम तराना में यात्रा पहुंची तो लोगों ने जमकर स्वागत किया। पूरे तराना शहर में पैर रखने की जगह नहीं थी। रैले के रैले यात्रा में शामिल हो रहे थे। तराना के कलश गार्डन में यात्रियों ने विराम लिया। यहां स्नान-ध्यान के बाद रात भजनों का सिलसिला शुरू हुआ, जो आधी रात तक चला।
दो नए कार्यक्रम जोड़े
यात्रा में आम आदमी की भागीदारी बढ़ाने के लिए शुक्रवार को दो नए कार्यक्रम जोड़े गए। पहला झंडावंदन और दूसरा भगवान रामजी की आरती का।
कलश गार्डन में यात्रियों ने राष्ट्रगान गाया और रथ पर विराजित प्रभु राम की आरती की। सुबह करीब ९.३० बजे उन्होंने अगले मुकाम के लिए प्रस्थान किया। यात्री दिन भर में करीब ८ किलोमीटर का सफर तय कर सिद्धिपुर-निपानिया पहुुंचेंगे। यहां भोजन और विश्राम होगा। शाम को यात्रा देवीखेड़ा के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रियों का रात्रि विश्राम देवीखेड़ा में होगा।








