मकान का कब्जा लेने पहुंचे बैंक मैनेजर को जान से मारने की धमकी

उज्जैन। कानीपुरा रोड स्थित गिरिराज रतन कॉलोनी के मकान पर कब्जा लेने पहुंचे बैंक मैनेजर व अन्य कर्मचारियों के साथ दंपत्ति ने गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने इसकी रिपोर्ट चिमनगंज थाने में दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि सौरव कुमार पिता संजय कुमार बैंक ऑफ बड़ौदा की क्षीरसागर शाखा में मैनेजर हैं। उन्होंने गिरिराज रतन कॉलोनी निवासी कमल पिता मांगीलाल और उसकी पत्नी किरण परमार के खिलाफ जान से मारने की धमकी और शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज कराया है। सौरव कुमार ने पुलिस को बताया कि कमल ने मकान गिरवी रखकर लोन लिया था
जिसकी किस्त लंबे समय से जमा नहीं कराई थी। मामला न्यायालय में था और वहां से कब्जा लेने के आदेश हुए थे। तहसील कर्मचारियों के साथ वे गुरुवार दोपहर मकान पर कब्जा लेने गए थे।इस दौरान बैंक कर्मचारी भी साथ थे। नोटिस तामिल कराने, मकान खाली कराने की कार्रवाई जैसे ही शुरू की तो कमल व किरण गाली गलौज व अभद्रता करने लगे और जान से मारने की धमकी देकर बोले कि आज के बाद किस्त मांगी तो जान से खत्म कर देंगे।








