Popup Image

आश्रम को मिला नोटिस, आसाराम का डेरा

सांदीपनि लोक विकसित करने के लिए जमीन अधिग्रहण की तैयारी, धारा 4 का जल्द प्रकाशन

Advertisement

आसाराम बापू से भी जमीन अधिग्रहण पर अफसर करेंगे सीधी बात

उज्जैन। भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली महर्षि सांदीपनि आश्रम को लोक के रूप में विकसित करने के लिए नजदीकी गुरुकुल आश्रम की जमीन अधिग्रहण की तैयारियों के बीच आसाराम बापू के स्थानीय आश्रम में आने के बाद जमीन अधिग्रहण को लेकर हलचल बढ़ गई है। संभावना है कि।प्रशासन के साथ इस मुद्दे पर चर्चा हो सकती है।

Advertisement

मंगलनाथ मंदिर रोड स्थित महर्षि सांदीपनि आश्रम को डॉ. मोहन यादव सरकार ने सांदीपनि लोक के रूप में विकसित करने का निर्णय किया है। प्रशासन ने इसके लिए धारा 4 की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार जल्द ही धारा चार का प्रकाशन किया जा सकता है। इसी तैयारी के बीच आसाराम बापू गुरुवार को स्थानीय गुरुकुल आश्रम आए हैं। बताया जा रहा है कि वे आयुर्वेदिक हॉस्पिटल में पंचकर्म उपचार के लिए पैरोल पर आए हैं।

रोड क्रमांक 34 के लिए भी जमीन लेने की तैयारी
सांदीपनि लोक के साथ यूडीए की रोड क्रमांक 34 के लिए भी प्रशासन ने आसाराम के ट्रस्ट से जमीन अधिग्रहित करने की कार्रवाई शुरू की है। ग्राम भीतरी के अंतर्गत संत श्री आसाराम गुरुकुल श्री वेदांत सेवा समिति को इसके लिए पत्र लिखे जा चुके हैं और नोटिस भी जारी कर दिए गए हैं। आश्रम की जमीन पर लाल निशान भी लगाए जा चुके हैं। सर्वे नबंर 315/2 की कुल 0.1000 हेक्टेयर जमीन में से 0.030 हेक्टेयर जमीन रोड की सीमा में है। प्रशासन ने बदले में 7 लाख 20 हजार रुपए का मुआवजा भी प्रस्तावित कर दिया है। सूत्रों के अनुसार अनिवार्यता के तहत जमीन अधिग्रहण के नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं।

Advertisement

21 दिनों तक वेलनेस में पंचकर्म कराएंगे आसाराम
आसाराम बापू आयुर्वेदिक हॉस्पिटल में 21 दिनों तक पंचकर्म चिकित्सा कराएंगे। आश्रम सूत्रों के अनुसार चेस्ट से संबंधित समस्या के कारण आसाराम यहां पंचकर्म चिकित्सा के लिए आए हुए हैं। चिमनगंज थाने के पास स्थित हॉस्पिटल के वेलनेस सेंटर में यह पंचकर्म कराया जा रहा है। शुक्रवार को भी आसाराम के सुबह 10 से 11 बजे के बीच पंचकर्म के लिए आने की खबर से उनके अनुयायी सुबह से हॉस्पिटल के बाहर उनकी प्रतीक्षा में देखे गए।

वे अपने बापू की एक झलक देखने के लिए काफी देर तक इंतजार करते रहे। वेलनेस में सात दिन का पंचकर्म कराने पर 5 हजार रुपए का खर्च आता है। 21 दिनों का पैकेज 15 हजार रुपए में होता है। सूत्रों के अनुसार आसाराम चेस्ट की समस्या से पीडि़त हैं और इसका उपचार अब पंचकर्म के माध्यम से होने की संभावना बताई गई है। इसी कारण वे पैरोल पर अंकपात स्थित आश्रम आए हुए हैं। आश्रम के बाहर भी सुबह 5 बजे से अनुयायी सड़क पर बैठकर ही पाठ करते देखे गए। सभी अपने बापू का दर्शन करने का इंतजार कर रहे थे।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें