बिहार के युवक की उज्जैन के गेस्ट हाउस में मौत

दोस्तों के साथ दर्शन करने आया था रात में ऐसा सोया कि सुबह नहीं उठा
उज्जैन। बिहार से उज्जैन दर्शन करने आए एक युवक की उज्जैन के गेस्ट हाउस में मृत्यु हो गई। वह दोस्तों के साथ रविवार रात सोया था लेकिन सुबह नहीं जागा। महाकाल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराया है।
बिहार के डुमराव बक्सर का रहने वाला पप्पू चौधरी पिता गुलाब (45) अपने दोस्त अजय कुमार व दो अन्य दोस्तों के साथ दो दिन पहले उज्जैन दर्शन करने आया था। यह लोग बड़े गणेश की गली स्थित अमृत गेस्ट हाउस में ठहरे थे। सभी ने साथ में खाना खाया और रात 11 बजे सो गए। उन्हें सोमवार सुबह ओंकारेश्वर जाना था।
सुबह करीब 4-5 बजे दोस्त नींद से जागे और पप्पू को जगाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं उठा। उसे करीब 6 बजे चरक अस्पताल ले गए , जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। परिजन को सूचना दी। दोस्तों का कहना था कि पीएम के बाद शव गांव ले जाएंगे।








