1 किलो सोने का झांसा देकर 20 लाख ठगे, हाथ आए सिर्फ 2 मोती

महिला सहित तीन लोगों ने मंदसौर के अधेड़ को जावरा में फंसाया, उज्जैन में लिए रुपए
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मंदसौर में रहने वाले एक अधेड़ को जावरा मंडी में महिला सहित तीन लोग मिले। उन्होंने 40 लाख रुपए में 1 किलो सोना देने का लालच दिया और बातों में उलझाकर उज्जैन में 20 लाख रुपए ठग लिए। नीलगंगा थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि मंदसौर के नांदवेल के रहने वाले रमेश पिता धन्ना गायरी (57) 1 अक्टूबर को जावरा मंडी में मेथी बेचने गए थे। वहां उसे 2 पुरुष व 1 महिला मिले। उन्होंने गांव में देसी घी मिलने के बारे में पूछताछ की और बातों में उलझा कर बताया कि हम लोग उज्जैन में जेसीबी से खुदाई करते हैं। खुदाई में हमें 1 किलो सोने के आभूषण मिले हैं जिसे हम लोग दुकान पर नहीं बेच सकते। यदि आप 40 लाख रुपए दे दो तो हम यह सोना तुम्हें दे सकते हैं।
नमूने में दिए 2 सोने के मोती: रमेश गायरी ने पुलिस को बताया कि मंडी में मिले लोगों ने अपने नाम मानसिंह, सागर राठौर और सोनिया राठौर बताए थे। इन लोगों ने सोने के 2 मोती सैंपल में दिए थे। उन्होंने कहा कि तुम इन्हें चैक करवा लो। यदि सही निकले तो हमें उज्जैन में आकर रुपए दे देना। रमेश ने सोने के मोती सुनार से चैक करवाए तो वे असली थे। 15 अक्टूबर को रमेश ने उज्जैन में आकर 20 लाख रुपए दिए थे।
जमींदोज शांति पैलेस के पीछे हुआ सौदा
ठगों ने रमेश को अपने मोबाइल नंबर दिए थे। 15 अक्टूबर को रमेश ने उन्हीं नंबरों पर कॉल कर ठगों से संपर्क किया। उन्होंने रमेश को शांति पैलेस चौराहा पर बुलाया। ऑटो में बैठकर तीनों इसके पीछे पहुंचे। ठगों ने उन्हें सोने जैसे दिखने वाले आभूषण से भरी थैली पकड़ाई और 20 लाख रुपए ले लिए। कुछ देर बातों में उलझाकर थैली भी वापस ले ली और चकमा देकर इंदौर रोड तरफ भाग गए।
लोकलाज व शर्म के कारण नहीं कराई रिपोर्ट
रमेश ने पुलिस को बताया कि ठगे जाने से शर्मिंदा होकर वह घर लौट गया था। लोकलाज व शर्म के कारण थाने में रिपोर्ट लिखाने नहीं गया, जब परिजन ने समझाया तो 10 दिनों बाद नीलगंगा थाने पहुंचकर ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।









