कालभैरव मंदिर में बदलाव तहसीलदार को सौंपी कमान

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री कालभैरव मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बदलाव किया है ताकि व्यवस्थाओं पर कसावट आ सके। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने तहसीलदार ज्योति लाक्षाकार को जिम्मेदारी सौंपी है।
कलेक्टर के बदलाव के बाद अब ज्योति लाक्षाकार मंदिर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कार्य करेंगी। उन्हें अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) उज्जैन नगर एवं कालभैरव मंदिर के अध्यक्ष के मार्गदर्शन और निर्देशन में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि लाक्षाकार को नायब तहसीलदार के रिक्त पद के विरुद्ध भी कार्य करने के लिए अधिकृत किया गया है।
जिला प्रशासन के इस निर्णय को कालभैरव मंदिर की व्यवस्थाओं के बेहतर संचालन और प्रशासनिक निगरानी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शनि मंदिर में भी इसी तरह की कसावट की दरकार है। मंदिर में देशभर से श्रद्धालु आते हैं और शनि की टेढ़ी नजर से बचने के लिए तेल आदि चढ़ाते हैं। इसका हिसाब किताब रखने और अन्य व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए तहसीलदार स्तर के अधिकारी की नियुक्ति जरूरी हो गई है। अभी पटवारी के हाथ में प्रबंधन है, जिससे वे ज्यादा समय नहीं दे पाते। चढ़ाए गए तेल आदि का बेहतर प्रबंधन किया जा सकता है। कालभैरव मंदिर में श्रद्धालु मदिरा का भोग लगाते हैं।









