इंदौर के फ्लैट में मिली बिजली कर्मचारी की लाश, महिला मित्र से खुलेगा राज?

शरीर पर मिले हल्के चोट के निशान, करीब 12 घंटे पुराना बताया जा रहा शव; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
इंदौर। शहर के गांधी नगर थाना क्षेत्र की राजकमल रेसीडेंसी स्थित एक फ्लैट में बिजली कर्मचारी निर्मल राजपूत का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, शव करीब 12 घंटे पुराना होने की आशंका है। मृतक के शरीर पर हल्के चोट के निशान भी मिले हैं। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस फ्लैट में रहने वाली निर्मल की महिला मित्र से पूछताछ कर रही है।
आधी रात को मिली सूचना, मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 12:30 बजे फ्लैट में शव होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सीसीटीवी में पीछे के रास्ते से आता दिखा निर्मल
निर्मल राजपूत मूल रूप से बागड़दा, एरोड्रम क्षेत्र का निवासी था और बिजली विभाग में लाइनमैन के रूप में कार्यरत था। पुलिस के मुताबिक, वह राजकमल रेसीडेंसी में रहने वाली एक महिला का परिचित था। महिला अपने पति से अलग रहती है।
सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान निर्मल बिल्डिंग में पीछे के रास्ते से आता दिखाई दिया है। पुलिस फुटेज और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मामले में महिला मित्र से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
निर्मल के परिवार में पत्नी और एक बेटी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत दुर्घटना, बीमारी या किसी अन्य कारण से हुई, इस संबंध में अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।









