बिटुमेन बता रहे थे, अब सीसी बना रहे, लगाओ पैनल्टी

मंछामन से हरिफाटक ओवरब्रिज तक रोड में मिली लापरवाही, संभागायुक्त और कलेक्टर उखड़े…
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पहले तो इसे बिटुमिन (डामर) बता रहे थे, अब सीसी रोड बना रहे… सीसी बना रहे थे तो बारिश में ही रोड क्यों नहीं बनाई? ये सवाल संभागायुक्त आशीष सिंह ने निगम अधिकारियों से पूछा तो जवाब मिला इसे बाद में चेंज किया है। बहुत लापरवाही है, पूरी बारिश बताते रहे कि बिटुमिन रोड बन रही। लगाओ 2 लाख की पेनल्टी। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने कहा 150 लेयर की डीएलसी तो दिखाई नहीं दे रही। निगम अफसरों ने कहा कोर कटिंग कर जांच कर लेते हैं।
मंगलवार सुबह संभागायुक्त और कलेक्टर सिंहस्थ निर्माण कार्यों को देखने निकले तो ये लापरवाही सामने आई। हनुमान नाका रोड पर भी कमियां मिलीं। ठेकेदार पर 3 लाख की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिंह ने कहा ठेकेदार से कहिए काम तेज करें, अभी तो बहुत धीमा काम चल रहा। आठ दिन में एक बार और चैक करेंगे।
अंडरपास की डिजाइन फाइनल
अधिकारियों ने महाकाल मंदिर के लिए बन रहे 600 मीटर लंबे अंडरपास की डिजाइन भी फाइनल की। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया हरिफाटक ब्रिज के पास निगम की एक रोड आ रहा है और रेलवे लाइन के नीचे से भी यह निकलेगा। इस कारण रेलवे के साथ भी समन्वय कर काम आगे बढ़ाया जा रहा है। अब तक एक तिहाई काम हो गया है। नीलगंगा चौराहे पर तीन सड़कें मिल रही हैं। इस कारण काम देखा गया है और डिजाइन फाइनल की गई है। निरीक्षण में स्मार्ट सिटी सीईओ डॉ. नेहा जैन, नगर निगम के अधीक्षण यंत्री आरके जैन, अपर मेला अधिकारी ओमप्रकाश सनोडिया भी थे।
सर ब्रदर की तरह बोल रहा, इधर कर्व न बनाए… एक की जान अटैक से चली गई
हनुमान नाका चौराहा के पास निरीक्षण के दौरान मनीष मिश्रा ने अधिकारियों से कहा सर एक ब्रदर की तरह बोल रहा, यहां की समस्या आप ही दूर कर सकते हैं। तीन सड़कें 18-18 मीटर की है और गदा पुलिया रोड केवल 9 मीटर की है लेकिन यहां कर्व बनाया जा रहा। इससे कई दुकानें चली जाएंगी। नमकीन व्यवसायी शीतल राठौर की 15 दिन पहले अटैक आने से मौत हो गई। उसे दुकान जाने का टेंशन हो गया था।









