त्योहार : दीपावली के लिए सजे बाजार, डिजाइनर दीये पर जोर

फ्रीगंज में दिखी रौनक, लोग खरीद रहे सजावटी सामान भी
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सुख, समृद्धि, खुशी के साथ रोशनी के सबसे बड़े त्योहार दीपावली की धूम शुरू हो गई है। बाजार में दिवाली का बाजार सजने लगा है। दीपों के इस पर्व में डिजाइनर दीये धूम मचाने वाले हैं। लोगों का रूझान भी इन आयटम की तरफ है। इस बार बाजार में नई-नई डिजाइन के दीये और घर के सजावटी सामान बिकने आए हैं। व्यापारियों के अनुसार ग्राहक हर बार बाजार में नई डिजाइन तलाशता है, और यहीं कारण है कि हर साल नई वैरायटी लाना पड़ती है।
नए शहर में फ्रीगंज, सिंधी कॉलोनी चौराहा, नानाखेड़ा चौराहा पर दीपों का बाजार सजा है तो पुराने शहर में गोपाल मंदिर, छत्रीचौक पर दीपों के कारोबारी आए हुए हैं।
फ्रीगंज में 6 सालों से दीपक दुकान लगाने वाले परमानंद प्रजापत बताते हैं कि इस बार भी कई वैरायटी के दीपक आए हुए हैं। लोगों का रूझान सिपंल दीयों से हट कर डिजाइनर दीपको की ओर ज्यादा है।
उनके पास 20 रुपए दर्जन से लेकर 200 रुपए तक का एक दीया है। 200 वाले दीये की खासियत यह है कि इसमें 12 बत्तियां एक साथ जला सकते हैं। बीच में सजावट के लिए फूल भी रख सकते हैं।
शहीद पार्क में ही दुकान लगाने वाले अभिराज चौरसिया और उमेश माली बताते हैं कि करवा चौथ से ही दुकान लगा ली थी। इनकी दुकान में आर्टिफिशियल फूल, लक्ष्मी पद, दीवारों पर चिपकाने की डिजाइन उपलब्ध है। इनकी कीमत 5 से लेकर 250 रुपए तक है।
रंगोली का बाजार भी सजा
दीपावली पर रंगोलियों का भी महत्व रहता है। ऐसे में बाजार में रंगोली के कलर की दुकानें सज गई हैं। 20 सालों से रंगोली कलर बेच रहे राज यादव बताते हैं कि अलग-अलग वैरायटियों के रंग उनके पास हैं। ग्राहक अक्सर अच्छी क्वालिटी के कलर की ओर ज्यादा आकर्षित होते है। इन कलर की कीमत 20 से लेकर 40 रुपए प्रति किलो तक है।
पटाखों के लिए भी सजी दुकानें
हर वर्ष की तरह इस बार भी शहर के कई प्रमुख स्थान जैसे दशहरा मैदान, सामाजिक न्याय परिसर, कार्तिक मेला ग्राउंड , नगरनिगम मुख्यालय परिसर और इस्कॉन मंदिर के पीछे पटाखा दुकानें लग गर्ई हैं। हालांकि अभी सामान कम ही दुकानों तक पहुंचा है।









