पुजारी परिवार की महिलाएं महाकाल को लगाएंगी उबटन, अब होली तक गर्म जल से स्नान करेंगे बाबा

दीपोत्सव : उदया के फेर के कारण दो दिन रहेगी चतुर्दशी तिथि, कल मनेगा महाकाल मंदिर में रूप चौदस का पर्व
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। दीपोत्सव की खुशियों के बीच इस बार रूप चौदस तिथियों के फेर में फंस गई है। चतुर्दशी की उदया तिथि रविवार को है, ऐसे में श्री महाकालेश्वर मंदिर में रूपचौदस कल मनेगी। पुजारी परिवार की महिलाएं बाबा महाकाल को उबटन लगाएंगी। बाबा गर्म जल से स्नान शुरू करेंगे। शाम को ही मंदिर में दिवाली मनाई जाएगी। सुरक्षा कारणों से इस बार सिर्फ एक ही फुलझड़ी जलाई जाएगी।
दरअसल, उज्जैन के अधिपति बाबा महाकाल के होने से हर पर्व की शुरुआत भी यहीं से होती है। इस बार कार्तिक कृष्ण की चतुर्दशी शनिवार दोपहर से शुरू हो रही है,ऐसे में महाकाल मंदिर में रूपचौदस की हलचल नहीं दिखाई दी।
भारत गुरु परिवार की महिलाएं उबटन लगाएंगी
इस बार उबटन सेवा भारत पुजारी के पास है। उनके परिवार की महिलाएं उबटन तैयार करने में जुटी हुई हैं। वे भस्मार्ती के दौरान उबटन लगाकर बाबा को गर्म जल से स्नान कराएंगी। प्रदीप पुजारी ने बताया कि उबटन में चंदन, केसर, अंबर, इत्र, फलों का रस होता है।
कल लगेंगे दो अन्नकूट पहला पुजारी परिवार और दूसरा प्रशासन का
बाबा महाकाल को रविवार को दो अन्नकूट लगेंगे । पहला पुजारी परिवार का होगा, जबकि दूसरा प्रशासन का। पहला अन्नकूट सुबह आरती के बाद होगा, जबकि दूसरा 10.30 बजे वाली आरती में लगेगा।
राजेश गुरु के अनुसार अन्नकूट में बाबा को घरों में तैयार होने वाले पारंपरिक पकवान का भोग लगाया जाता है।
होली तक गर्म पानी से स्नान
बाबा महाकाल का रूप चौदस से ही गर्म जल से स्नान शुरू होगा। यह होली तक चलेगा। पुजारी राजेश गुुरु के मुताबिक रूपचौदस से ही बाबा गर्म चल से स्नान शुरू करते हैं। यह सिलसिला होली तक चलता है।
दिवाली : 9 को चढ़ेंगे जैन मंदिरों में निर्वाण लाडू : उज्जैन। दिवाली पर जैन मंदिरों में निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। दिगंबर जैन मंदिरों में अलग-अलग समय पर यह आयोजन होगा। इस दौरान धर्म ध्वजा भी चढ़ाई जाएगी। सीमंधर दिगंबर जैन मंदिर में खोपरे से बना लाडू चढ़ाया जाएगा, जबकि अन्य मंदिरों में नुक्ती के।
किसी मंदिर में कब चढ़ेगा लाडू
महावीर तपोभूमि- सुबह 6.35
विनोद मिल जिनालय- 7.00
चिमनगंज मंडी जिनालय- 7.30
महावीर भवन लक्ष्मीनगर- 8.00
आदिनाथ मंदिर लक्ष्मीनगर, सीमंधर जिनालय क्षीरसागर- 8.15
शांतिनाथ मंदिर लक्ष्मीनगर, सुमतिनाथ मंदिर इंदिरा नगर-8.30
नमकमंडी मंदिर – 8.30 से 9.15
चंद्रप्रभु जिनालय भैरूगढ़, ऋषिनगर मंदिर, फ्रीगंज पंचायती मंदिर- 9.00
जैन बोर्डिंग कल्याण भवन, नयापुर दिगंबर जैन मंदिर- 9.30
जयसिंहपुरा दिगंबर जैन मंदिर- 10.00
दर्शनगिरी तीर्थक्षेत्र-10.30
सीमंधर मंदिर में आज लगेगी बच्चों की पाठशाला
सीमंधर जैन मंदिर क्षीरसागर में शनिवार शाम 7.30 बजे बच्चों की पाठशाला लगेगी। बच्चे यहां पटाखों से होने वाली जीव हिंसा से बचने का नाटक के जरिये संदेश देंगे। रूपल शाह ने बताया कि इस दौरान नृत्य नाटिका, कवि सम्मेलन और जैन धर्म के सिद्धांतों पर आधारित प्रेरणादायक नाटक का मंचन होगा। इनके माध्यम से जैन धर्म के पांच सिंद्धांतों की जानकारी दी जाएगी।
आधी रात को सड़कों पर उतरेगी निगम की टीम
दिवाली पर शहर कचरा करेगा, अगले दिन सुबह चकाचक मिलेगा
उज्जैन। दिवाली पर पटाखे छोड़कर शहरवासी कचरा फैलाएंगे और अगले दिन शहर चकाचक मिलेगा। आधीरात को नगरनिगम के सफाई मित्रों की टीम सड़क पर उतरेगी और सुबह 6 बजे तक सफाई पूरी कर देगी। शनिवार को निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने स्टैंड अप मीटिंग में सफाई मित्रों का हौसला बढ़ाया और टारगेट सेट किया।
दरअसल, दिवाली पर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करने के लिए नगरनिगम की टीम विशेष सफाई अभियान चलाएगी। रविवार रात १२ बजे से टीम मैदान में उतरेगी और सोमवार की सुबह 6 बजे तक सफाई का काम पूरा कर लेगी। ग्रांड होटल परिसर में निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने स्टैंडअप मीटिंग में सफाई मित्रों और अफसरों के साथ तय किया किया कि सुबह 6 बजे से पहले सड़कों, गलियों और मोहल्लों की सफाई कर दी जाएगी।









