सीवरेज की समस्या का अस्थाई समाधान सीएमएचओ ने निकाला

नालियों की सफाई कराई, ताकि परिसर में न फैले गंदगी
उज्जैन। चरक अस्पताल परिसर में वर्षों से सीवरेज का पानी फैल रहा है। शासन द्वारा लाखों रुपये खर्च कराने के बाद भी समाधान नहीं निकला। शनिवार सुबह सीएमएचओ ने स्टॉफ के साथ यहां पहुंचकर समस्या का अस्थाई समाधान निकाला।
चरक अस्पताल की सीवरेज लाइन वर्षों से खराब है। पुरानी लाइन टूटने के कारण परिसर में गंदगी फैल रही है। शासन को पत्र लिखकर अस्पताल अफसरों ने समस्या से अवगत कराया। करीब 58 लाख रुपये की मंजूरी के बाद नई सीवरेज पाइप लाइन भी डाली गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया।
आज भी चरक अस्पताल परिसर में सीवरेज का पानी फैल रहा है। गंदगी, दुर्गंध के कारण मरीज व उनके परिजन के साथ स्टाफ भी परेशान है। सीएमएचओ डॉ. विक्रम रघुवंशी ने समस्या के समाधान के लिये सुबह यहां निरीक्षण किया। उन्होंने पाइप लाइन के समानांतर नाली खुदाई कराई और सफाई कराई। परिणाम यह निकला कि सीवरेज का पानी जो परिसर में फैल रहा था वह नाली के माध्यम से चैम्बर में जाने लगा। डॉ. रघुवंशी ने बताया कि फिलहाल अस्थाई समाधान निकाल रहे हैं। आने वाले समय में नई पाइप लाइन डलवाकर स्थाई निराकरण कराया जायेगा।









