Popup Image

35 साल पुराने बागडिय़ा टॉवर के रहवासी 20 घंटे बाद भी दहशत में

हादसा : एमपी मेडिकल स्टोर के कचरे से लगी आग ने सांसत में डाली लोगों की जान

Advertisement

तीन फीट चौड़ी सीढिय़ों से नीचे उतरने में आई दिक्कत, गलियारे में खड़े वाहन जले

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर के सबसे घने इलाके नरेंद्र टॉकीज-कंठाल चौराहा रोड पर स्थित 35 साल पुराने बागडिय़ा टावर के रहवासी बीती शाम लगी भीषण आग से उठे धुएं के हादसे के 20 घंटे गुजरने के बाद भी दहशत में हैं। स्थानीय युवक, फायर ब्रिगेड के दस्ते,एसडीईआरएफ की मदद से पांच घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद दो दर्जन से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया। रेस्क्यू अभियान में सबसे बड़ी दिक्कत सीढिय़ां और संकरा गलियारा बना। इसमें फंसे धुएं के कारण लोग बाहर नहीं निकल सकें।

Advertisement

दरअसल, बुधवार की शाम करीब 4.30 बजे बागडिय़ा टावर में आग लगी थी। जी-4 की स्वीकृति वाले इस टॉवर का निर्माण करीब 35 साल पहले ओम बागडिय़ा ने कराया था। शुरुआत में टावर के बेसमेंट में वाहनों की पार्किंग थी,बाद में इसे स्टोर में बदल दिया गया। माधव क्लब के पास दवा बाजार बनने पहले थोक दवा बाजार मुसद्दीबाजार मेंं संचालित होता था, ऐसे में इस टॉवर की निचली मंजिल पर मेडिकल की कई दुकानें खुलीं। फस्र्ट फ्लोर ऑफिस के लिए रखे गए थे और यहां कई ऑफिस भी संचालित हुए। ऊपर की दो मंजिल पर 45 फ्लैट हैं और सबसे ऊपर ओम बागडिय़ा का पेंटहाउस होता था। अब बागडिय़ा यहां से खाली करके चले गए हैं और फ्लैट भी कई लोगों ने छोड़ दिए है।

कचरे से शुरुआत होने की आशंका

Advertisement

दि वाली की छुट्टियों के कारण अवकाश था और निचली मंजिल की अधिकतर दुकानें बंद सी स्थिति में थी। चश्मदीदों की माने तो एमपी मेडिकल स्टोर के प्रथम मंजिल पर स्थित गोदाम में आग लगी। यहीं से उठा धुआं पूरे टॉवर में फैल गया। चूंकि कॉरिडोर की चौड़ाई कम है, ऐसें में यह धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों पर चला गया। फ्लैट में रहने वालों को जब घुटन महसूस हुई तो उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद दमकलें और अफसर मौके पर पहुंचे।

तब तक धुआं चारों मंजिलों को घेर चुका था। ऐसे में लोगों की जान पर बन आई। इस बीच मिल्कीपुरा के रहने वाले युवकों ने जब टावर के ंलोगों को घिरा देखा तो वे मौके पर दौड़े। इस बीच पेंटिंग में उपयोग होने वाली रस्सियों की सीढ़ी की मदद से लोगों को बाहर निकालने का काम शुरू हुआ। फायर ब्रिगेड के कर्मी भी अंदर गए और लोगों को बाहर निकालते रहे। इस बीच एक कर्मचारी अभिषेक तिवारी धुएं की चपेट में आ गए। करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।

डर से सहमे दिखें लोग
गुरुवार को अक्षरविश्व रिपोर्टर ने टावर का मुआयना किया और लोगों से बात। इस दौरान उनके चेहरे पर हादसे की दहशत साफ दिखाई दी। वे सहमे से दिखाई दिए।

30 लाख की दवाइयां खाक
बागडिय़ा टॉवर में 27 साल से प्रगति फार्मा संचालित करने वाले प्रशांत गुप्ता ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर शॉप और फस्र्ट फ्लोर पर दो गोडाउन है। आग से पटिये नीचे गिरने लगे तो धुआं ही धुआं हो गया। शटर बंद करके भाग निकले। कुछ देर बाद दमकलें आईं और आग पर काबू पाया। दो गोडाउन जल गए। 25 से 30 लाख रुपए मूल्य की दवाइयां खाक हो गईं।

पिताजी के देहांत के बाद गरूड़ पुराण चल रहा था
टावर में रहने वाली सरिता पिता के देहांत के बाद मायके आई थीं। उनके मायके में गरूड़ पुराण का पाठ चल रहा था। वह बाजार में सामान लेने गई थी। उनको फोन पर टॉवर में आग लगने की जानकारी मिली। यहां पहुंची तो धुआं ही धुआं था। हादसे के समय घर में 15 लोग मौजूद थे, जिनको मशक्कत से बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान 75 वर्षीय मां का पैर मुड़ गया और उम्र ज्यादा होने से बीपी भी बढ़ गया। दहशत के कारण उनको बुखार आ गया। उनका उपचार चल रहा है।

फायर बाइक लाने की तैयारी
हादसे के बाद आग बुझाने में समस्या आई। बड़ी दमकलें अंदर तक नहीं जा पा रही थीं पीछे की तरफ संकरी गली होने से यह दिक्कत कुछ ज्यादा ही बढ़ गई थी। ऐसे में उज्जैन में आग बुझाने के लिए छोटे वाहनों की जरूरत महसूस की जा रही है। निगम सूत्रों के मुताबिक फायर बाइक के इसी सप्ताह टेंडर जारी हो सकते हैं। 36 फायर बाइकों की खरीदी की सकती है।

भाई और बेटे के साथ लोगों की जान बचाई
मिल्कीपुरा के ऑटोचालक अय्यूब खां ने बताया कि आग और धुआं दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। जैसे ही पता चला तो लोगों को बचाने में जुट गए। झूला डाल कर फंसे लोगों को बाहर निकाला। एक महिला को जाली तोड़ कर निकाला। रात करीब 8 बजे तक लोगों को बचाते रहे। भाई-बेटे के साथ अयान, अमजद, बट्टु, शानु, कप्तान, विनय सहित करीब 20 से ज्यादा लोग बचाव में जुटे रहे। जिम संचालक अजय जाधव ने बताया कि लोगों को पीछे के रास्ते से बाहर निकाला गया।

बहुमंजिला भवनों की जांच होगी
हादसे के बाद नगरनिगम बहुमंजिला भवनों की जांच शुरू करने जा रहा है। निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा के आने के बाद यह कार्रवाई शुरू हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक इन भवनों में यह देखा जाएगा कि वहां आग से बचने के इंतजाम हैं या नहीं। अगर नहीं है तो ऐसे भवन निर्माता या रहवासी सोसायटियों को नोटिस दिए जा सकते हैं।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें