जमानत मिली तो बदल लिया भेष, साधु बनकर छिपा NDPS आरोपी गिरफ्तार

उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट में पकड़ा गया एक आरोपी पुलिस से बचने के लिए साधु बन गया। वह पांच साल से पुलिस को छका रहा था। कई आश्रमों में दबिश देने के बाद पुलिस ने उसे ओंकारेश्वर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर १० हजार रुपए का इनाम था। नानाखेड़ा पुलिस ने भी एक इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, पुलिस नशे की तस्करी करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चला रही है। नीलगंगा थाने के शास्त्रीनगर के रहने वाले २२ साल के सागर खालोटिया को पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया था। 2021 में जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया था। उसकी तलाश की जा रही थी लेकिन पता नहीं चल रहा था। क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि सागर साधु बन गया है और आश्रम में रुककर ठिकाना बदल रहा है। वह उन्हेेल और ओंकारेश्वर के आश्रमों में देखा गया है। पुलिस ओंकारेश्वर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
दस साल से फरार था आरोपी
इसी तरह नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में अपराध को अंजाम देने वाला राजस्थान के प्रतापगढ़ का शाहनवाज खान भी जमानत पर छूटने के बाद फरार हो गया था। वह पहचान बदलकर उदयपुर के नाई थाने के नोहरा घाटी स्थित जिलानी कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस ने ३२ साल के आरोपी को यहीं से दबोच लिया।









