पहला पुरस्कार मिलते ही निगम में बजे ढोल-नगाड़े, फूटे पटाखे

इनके जज्बे ने उज्जैन के सिर सजाया ताज
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। स्वच्छता सर्वेक्षण में पहली बार उज्जैन के सिर पर जैसे ही सबसे साफ शहर का ताज सजा, उज्जैन नगरनिगम मुख्यालय में ढोल-ताशे बज उठे। निगम परिसर में आतिशबाजी की गई और सफाई मित्रों का हार पहनाकर अभिनंदन किया गया।
दरअसल , पिछले साल उज्जैन स्वच्छता लीग में शामिल हुआ था और इस बार वह 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। बुधवार को निगम मुख्यालय के परिषद हॉल में दिल्ली में हुए पुरस्कार समारोह का सीधा प्रसारण देखा गया। जैसे ही उज्जैन नंबर 1 घोषित हुआ, जश्न शुरू हो गया। ढोल-ताशों की थाप पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सफाई मित्रों ने खुशी जाहिर करते हुए एक-दूसरे को बधाई दी।
जनप्रतिनिधियों एवं निगम अधिकारियों ने सफाई मित्रों का मिठाई खिलाकर तथा पुष्पमालाएं पहनाकर उत्साहवर्धन किया। पूरे परिसर में उत्सवी माहौल रहा। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य रजत मेहता, डॉ. योगेश्वरी राठौर, पार्षद शिवेंद्र तिवारी, पंकज चौधरी, अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, उपायुक्त संजेश गुप्ता, मनोज मौर्य, सहायक आयुक्त प्रफुल्ल गठरे, जोनल अधिकारी सुनील जैन, स्वास्थ्य अधिकारी हरीश व्यास सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।
जीत के जश्न के बाद तत्काल सफाई कर सफाई मित्रों ने दिया स्वच्छता का संदेश
निगम मुख्यालय में हुए जश्न के बाद परिसर में गंदगी फैल गई। आतिशबाजी और फूलों का कचरा जब सफाई मित्रों ने देखा तो ताबड़तोड़ सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। सफाई मित्रों ने बताया कि उत्सव हो, त्योहार हो या किसी उपलब्धि का जश्न, स्वच्छता के प्रति हमारी जिम्मेदारी हमेशा सर्वोपरि रहेगी।









