Popup Image

विक्रम तीर्थ सरोवर पर सजा मिथिलाघाट, नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व शुरू

रविवार को डूबते और सोमवार को उगते सूर्य को व्रती महिलाएं देंगी अघ्र्य

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पूर्वाचल समाज का सबसे बड़े छठ पर्व की शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरुआत हो गई। शनिवार को व्रती महिलाएं खरना करेंगी और इसी के साथ उनका 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। रविवार को डूबते और सोमवार को उगते सूर्य को अघ्र्य देकर वे व्रत पूरा करेंगी। इस दौरान समाज में उत्सवी माहौल रहेगा।

उज्जैन में भी पर्व के लिए सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय परिसर स्थित विक्रम तीर्थ सरोवर ने मिथिलाघाट का आकार ले लिया है। छठ पर यहां मेला सा रहेगा। पूर्वाचंल वासियों के सबसे बड़े त्योहार छठ उत्सव की खुशियां यहां बिखरी नजर आएंगी।

Advertisement

उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में आने वाले इस सरोवर पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने पिछले साल मिथिला घाट बनाने की घोषणा की थी। उनकी घोषणा को एक साल में अफसरों ने पूरा कर दिया है। सरोवर के दो और पत्थरों की पिचिंग की गई है, जबकि उसके दाहिनी और घाट तैयार किया गया है।

नहाय-खाय से शुरुआत
पूर्वांचल समाज की प्रीति सिंह बताती हैं कि चार दिनी पर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से हुई। लोगों ने पवित्र सरोवर, नदी में स्नान किया। दोपहर में चूल्हे की पूजा कर खाद्य सामग्री तैयार की। इसमें कद्दू की सब्जी, चने का दाल और आरवा चावल (बगैर पॉलिश) बनाया गया। दोपहर में परिवार के साथ इस सामग्री का भोजन किया।

Advertisement

कल खरना:शाम को बनेगी गुड़ की खीर: प्रीतिसिंह ने बताया कि पर्व में शनिवार को खरना होगा। इस दिन दिनभर महिलाएं व्रत रखेंगी। शाम को गुड़ की खीर,तवे की रोटी बनेगी। व्रती महिलाएं केले के साथ इसे खाएंगी। भोजन करते समय इस बात का ध्यान रखना होगा कि किसी तरह का शोर नहीं हो, शोर की स्थिति में तत्काल भोजन छोडऩा होगा। इस भोजन के बाद ३६ घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।

रविवार को डूबते सूर्य को अघ्र्य
शनिवार शाम से शुरू हुए व्रत में रविवार की शाम डूबते सूर्य को अघ्र्य दिया जाएगा। इस दौरान सूप में रखकर सूर्यदेव को मौसमी फल (सेवफल, संतरा,नारियल, सिंघाड़ा, अमरूद, केले, आंवला आदि), गन्ना, पत्तेदार मूली, कच्ची अदरक, कच्ची हल्दी और ठेंकुआ का प्रसाद सूर्यदेव को अर्पित किया जाएगा। नदी या सरोवर किनारे यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सोमवार को उगते सूर्य को अघ्र्य
महिलाओं का व्रत सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अघ्र्य देने तक जारी रहेगा। उगते सूर्य को भी वहीं सामग्री चढ़ाई जाएंगी, जो डूबते सूर्य को चढ़ाई गई थीं।

अदरक-गुड़ और गुनगुने पानी से खुलेगा व्रत: चार दिन में २४ और ३६ घंटे के दो व्रत होने से इसे खोलते समय व्रती महिलाएं अतिरिक्त सावधानी रखती हैं। वे अदरक-गुड़ खाकर गुनगुने पानी से व्रत खोलती हैं। इससे गले पर जोर नहीं पड़ता। व्रत पूरा होने के बाद महिलाएं हल्का भोजन करती हैं। मिथिला में व्रत पूरा करने के बाद दही और पान खाना अनिवार्य होता है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें