Popup Image

कार की तलाशी में मिले 80 लाख कैश जवाब देने में उलझे 2 भाई, हिरासत में

कनाडिय़ा पुलिस ने फिनिक्स मॉल के पीछे खाली मैदान में खड़ी वैगनआर से बरामद किए 500, 200 और 100 के नोट

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। रात के अंधेरे और सुनसान मैदान के सन्नाटे में खड़ी एक साधारण सी दिखने वाली कार के भीतर जब पुलिस ने टॉर्च की रोशनी डाली, तो अंदर का नजारा देखकर खाकी भी दंग रह गई। सीटों पर रखे बैगों में कोई मामूली सामान नहीं, बल्कि 80 लाख रुपए की भारी-भरकम नकदी ठूंस-ठूंस कर भरी हुई थी। कनाडिय़ा थाना पुलिस ने गश्त के दौरान सतर्कता दिखाते हुए टीपीएस-05 मेन रोड स्थित फिनिक्स मॉल के पीछे खाली मैदान में संदिग्ध हालत में खड़ी एक वैगनआर कार (क्रमांक एमपी 09 जेड ई 5088) से यह बड़ी खेप बरामद की है।

पुलिस के अनुसार बीती रात गश्त के दौरान मॉल के पीछे सुनसान इलाके में संदिग्ध परिस्थिति में खड़ी इस कार पर नजर पड़ी। घेराबंदी कर जब कार की तलाशी ली गई तो भीतर नोटों से भरे बैग मिले। थाने लाकर जब नोटों की गिनती कराई गई तो 500 रुपए के नोटों के 75 लाख रुपए, 100 रुपए के नोटों के 3 लाख रुपए और 200 रुपए के नोटों के 2 लाख रुपए सहित कुल 80 लाख रुपए नकद निकले। पुलिस ने मौके से कार में सवार देवास जिले के बागली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बरखेड़ा सोमा निवासी तिलोक पिता भेरूलाल गामी और मनोज पिता भेरूलाल गामी को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों भाई पेशे से खेती-किसानी करते हैं।

Advertisement

जमीन सौदे का दावा, पर बार-बार बदलते रहे बयान
इतनी बड़ी नकद राशि के स्त्रोत को लेकर दोनों भाई मौके पर कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके और बार-बार बयान बदलते रहे। उन्होंने दावा किया कि यह रकम देवास के बरखेड़ा बागली स्थित जमीन के सौदे की है, जिसे वे बिचौली निवासी सुरेश पटेल से लेकर आ रहे थे।

नकदी जब्त कर आयकर विभाग को भेज दी सूचना: बयानों में विरोधाभास और संतोषजनक जवाब न मिलने पर पुलिस ने संदिग्ध मानते हुए पूरी 80 लाख रुपए की नकदी जब्त कर ली है। अब आगे की वैधानिक कार्रवाई और जांच के लिए कनाडिय़ा पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना भेज दी है, ताकि रकम के वास्तविक स्रोत का खुलासा हो सके।

Advertisement

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें