झूलों में झमेला : 19 में से सिर्फ छह झूले के आए टेंडर, रिजर्व प्राइस से दो लाख ज्यादा

शेष 13 झूलों के फिर से भरे जाएंगे टेंडर, 18 नवंबर है अंतिम तारीख
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। कार्तिक मेले के 19 बड़े झूलों में से केवल छह के लिए ही टेंडर भर पाए हैं। यह रिजर्व प्राइस से 2 लाख रुपए ज्यादा तक में गए हैं। अब शेष 13 झूलों के लिए फिर से निविदा कॉल की गई है।
अंतिम तारीख 18 नवंबर है। दरअसल, 23 नवंबर से शुरू हो रहे कार्तिक मेले के 19 बड़े झूलों के लिए निगम ने शनिवार दोपहर तक टेंडर कॉल किए थे। पिछले साल आई अधिकतम बोली को ही रिजर्व प्राइस रखा गया था। 19 झूलों में से सिर्फ छह झूलों के लिए ही आठ दावेदारों ने टेंडर भरे।
आखिर क्यों नहीं भरे गए टेंडर
झूले को लेकर झमेला सामने आ रहा है। दरअसल, झूलों के प्लॉट की दरों को लेकर व्यापारी निगम प्रशासन के सामने आपत्ति जता चुके हैं। यह व्यापारी प्रमुखजन से मिले भी थे। इसमें तय यह हुआ था कि कोई भी व्यापारी टेंडर नहीं डालेगा। सब इस बात को लेकर तैयार थे ,लेकिन इस बीच कुछ लोगों ने अपने फायदे के लिए टेंडर भर दिए। 19 प्लॉट मे से 6 के लिए 8 आवेदन डाले गए। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि यह टेंडर एक ही शख्स ने अपने परिजनों के नाम पर हासिल करने की कोशिश की है।
पुराने व्यापारियों का वर्चस्व खत्म करने की कोशिश
कार्तिक मेले में झूले का कारोबार कमाई का बड़ा जरिया है। दो साल पहले तक इस पर दानीगेट के व्यापारियों का कब्जा रहता था। पर अब नई पीढ़ी के कारोबारी भी इस व्यापार में उतर आए हैं।इस वजह से प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है।
महंगे प्लॉट का बोझ उठाएगी जनता
झूले के महंगे होते प्लॉटों का बोझ जनता को उठाना होगा। प्लॉट की कीमत अधिक होती है तो टिकट के रेट अधिक होंगे। यह दाम आम आदमी की जेब हल्की करेंगे।
लोगों की जेब में जाने वाला पैसा निगम के खजाने की तरफ मोड़ा
कार्तिक मेले के झूले के प्लॉट आवंटन में बड़ा खेल होता रहा है। आवंटन के नाम पर लोगों की जेब में पैसा जाता था। ऑनलाइन टेंडर जारी करने से यह पैसा निगम के खजाने में आ रहा है। बचे झूलों के लिए टेंडर जारी कर दिए है। ३ दिन की अवधि रखी गई है। 18 नवंबर को दोपहर 2:34 बजे टेंडर खोले जाएंगे। तय समय से पहले बाकी झूलों की जगह आवंटित कर दी जाएगी।-रजत मेहता, राजस्व समिति प्रभारी









