राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया

जनजातीय समाज ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई : मोदी
अक्षरविश्व न्यूज:कुक्षी (धार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- जनजातीय समाज ने हमेशा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई है। आज भारत अपने इतिहास को, अपने नायकों को स्वदेशी आत्मसम्मान के साथ याद कर रहा है। ये हमारी राष्ट्रीय चेतना में आए बदलाव का परिणाम है।
मोदी ने ये बात धार के डही में जनजातीय सम्मेलन में वर्चुअली संबोधन में कही। इससे पहले राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया। भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर हो रहे इस सम्मेलन में 90 हजार स्क्वायर फीट का डोम बनाया गया है। जिसमें करीब 15 हजार लोग मौजूद हैं।
मोदी ने कहा- वल्र्ड बैंक की रिपोर्ट के मुताबिक, बीते 12-13 बरसों में भारत के 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं। ये आजादी के बाद देश की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसके पीछे समाज की सामूहिक शक्ति है। इसके पीछे देश के हर नागरिक का परिश्रम है।
4 करोड़ से अधिक पक्के घर बनाए
मोदी ने कहा- वंचितों को वरियता हमारी प्राथमिकता रही है। हमने 4 करोड़ से अधिक पक्के घर बनाए, 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई। आयुष्मान योजना के माध्यम से 1 लाख 75 हजार से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए, जिनके जरिए दूरदराज के आदिवासी लोगों तक इलाज पहुंचा। मुद्रा योजना के माध्यम से लाखों-करोड़ों रुपयों की मदद दी।
भगवान बिरसा की प्रतिमा लगाने की मांग
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने सभा को संबोधित करते हुए कुक्षी में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा लगाने की मांग की। उन्होंने कहा- आदिवासी भाइयों-बहनों, किसानों और युवाओं के जीवन में बदलाव लाने और उनकी तरक्की के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। मैं स्वयं आपके सामने इसके एक उदाहरण के रूप में खड़ी हूं। मेरा कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं था।









